अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद के श्रेय अस्पताल में आज सुबह आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई है| अहमदाबाद में कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए चिह्नित एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से गुरुवार को 3 महिलाओं समेत आठ मरीजों की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद में नवरंगपुर इलाके के श्रेय अस्पताल में गुरुवार तड़के आग लग गई। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कोविड-19 के करीब 40 अन्य मरीजों को बचा लिया गया और उन्हें शहर के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
गुजरात सरकार अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि,श्रेय अस्पताल को सील कर दिया गया है। 41 मरीजों को सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है| शुरुआती जानकारी से पता चला कि अहमदाबाद अस्पताल में आज सुबह शॉर्ट सर्किट से ICCU यूनिट में आग लग गई। घटना में 5 पुरुषों और 3 महिलाओं की जान चली गई|
सीएम विजय रूपानी ने अहमदाबाद के श्रेय अस्पताल में आग लगने की घटना पर जांच के आदेश दिए हैं। संगीता सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह विभाग) जांच का नेतृत्व करेंगी। CM ने 3 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है|
जेसीपी सेक्टर-1 राजेन्द्र असारी ने बताया कि,''घटना में 8 लोगों की मौत हुई है। अन्य मरीज़ों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। जांच में हमारे सामने जो भी तथ्य आएंगे उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी| हम जांच में फायर और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ले रहे हैं। जो भी तथ्य हमारे सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। हम अस्पताल के एक ट्रस्टी से पूछताछ करेंगे और आगे की जांच करेंगे|