नई दिल्ली:जम्मू-कश्मीर से धारा-370 खत्म होने के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार जम्मू-कश्मीर के आठ राजनीतिक दलों के 14 जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद की| जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के करीब दो साल बाद आज पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के आठ राजनीतिक दलों के 14 नेताओं के साथ बैठक की। यह बैठक करीब साढ़े तीन घंटे तक चली और इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री के अलावा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा, एनएसए अजित डोवाल, पीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी पीके मिश्रा, गृहसचिव अजय भल्ला के अलावा कुछ अन्य ऊंच अधिकारी बैठक में शामिल रहे
नेशनल कांफ्रेंस के फारुख अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद, गुलाम अहमद मीर, ताराचंद, पीडीपी की महबूबा मुफ़्ती, बीजेपी के निर्मल सिंह, कविन्द्र गुप्ता और रविन्द्र रैना, पीपुल कांफ्रेंस के मुजफ्फर बेग और सज्जाद लोन, पैंथर्स पार्टी के भीम सिंह, सीपीआईएम के एमवाई तारीगामी और जेके अपनी पार्टी के अल्ताफ बुखारी को बैठक में आमंत्रित किया गया|
Jammu Kashmir leaders Meet Live Updates:
अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करेंगे : महबूबा मुफ्ती
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बैठक में कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग अनुच्छेद 370 को रद्द होने से नाराज है। हम जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करेंगे। इसके लिए हम शांति का रास्ता अपनाएंगे। इस पर कोई समझौता नहीं होगा। महबूबा ने प्रधानमंत्री से कहा कि अगर आपको अनुच्छेद 370 को हटाना था तो आपको जम्मू-कश्मीर की विधानसभा को बुलाकर इसे हटाना चाहिए था। इसे गैरकानूनी तरीके से हटाने का कोई हक नहीं था। हम अनुच्छेद 370 को संवैधानिक और क़ानूनी तरीके से बहाल करना चाहते हैं।
गुलाम नबी आजाद ने पांच मांगें रखी सरकार के सामने
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि बैठक में हमने कांग्रेस की तरफ से सरकार के सामने 5 बड़ी मांगे सरकार के सामने रखी। पहली मांग थी कि राज्य का दर्जा जल्दी बहाल करे सरकार। उन्होंने कहा कि हमने बैठक में कश्मीरी पंडितों को घाटी में बसाने की बात भी बोली। केंद्र सरकार जल्द से जम्मू-कश्मीर में चुनाव करवाएं। बैठक में अधिकतर पार्टियों ने कहा कि 370 का मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नेताओं ने पूर्ण राज्य की मांग की है।
अनुच्छेद 370 को खत्म करने का फैसला हमें स्वीकार नहीं : उमर अब्दुल्ला
नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने बैठक में कहा कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार के द्वारा 370 को खत्म करने के फैसले को हम स्वीकार नहीं करेंगे। हम अदालत के जरिए 370 के मामले पर अपनी लड़ाई लडेंगे। लोग चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण रूप से राज्य का दर्जा दिया जाए। उन्होंने कहा कि हमने पीएम से अनुरोध किया कि हमारी लड़ाई जारी रहेगी लेकिन कुछ फैसलों को पलटने की जरूरत है जो जम्मू-कश्मीर के हित में बिल्कुल भी नहीं हैं। इसे यूटी का दर्जा दिया गया था, लोगों को यह पसंद नहीं है। वे जम्मू-कश्मीर के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा चाहते हैं, जम्मू-कश्मीर कैडर बहाल।
बैठक शानदार रही: पीडीपी नेता मुजफ्फर हुसैन बेग
पीडीपी (पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) के नेता मुजफ्फर हुसैन बेग ने कहा कि बैठक बहुत शानदार हुई। उन्होंने कहा कि 370 का मामला सु्प्रीम कोर्ट में है और अदालत ही 370 के मामले पर फैसला करेगी। मैंने धारा 370 कि कोई मांग नहीं रखी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि 370 खत्म करने का फैसला जम्मू-कश्मीर विधानसभा के द्वारा होता तो और अच्छा होता। जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने की मांग सभी दलों ने की। पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने पर सीधे कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि पहले परिसीमन हो।
कश्मीरी नेताओं संग पीएम मोदी की बैठक खत्म
जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक समाप्त हो गई है। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। जम्मू-कश्मीर पार्टी में अपनी पार्टी के नेता अल्ताफ बुखारी ने बताया कि बातचीत बड़े अच्छे माहौल में हुई। पीएम मोदी ने सभी नेताओं के मुद्दे सुने। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अल्ताफ बुखारी ने कहा कि परिसीमन खत्म करने को लेकर समयसीमा फिलहाल तय नहीं की गई। इसके अलावा चुनाव जल्द कराने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हर किसी ने अपने दिल की बात कही। उन्होंने अनुच्छेद 370 के सवाल पर कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो उस पर क्या बात होती। दुख तो हुआ इसकी शिकायत जरूर लोगों ने की लेकिन जब मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो उसका फैसला सुप्रीम कोर्ट करेगी।
दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वदलीय बैठक खत्म हुई
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति को समाप्त करने के बाद आज अपने दिल्ली आवास पर जम्मू-कश्मीर के शीर्ष राजनीतिक नेताओं के साथ लगातार तीन घंटे तक बातचीत की| इस बातचीत में राज्य के चार पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत कुल 14 नेता शरीक हुए| सूत्रो के मुताबिक, 'पीएम ने जम्मू-कश्मीर के नेताओं से कहा कि वह जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं|
जम्मू-कश्मीर पर बैठक को लेकर सीएम ममता का बयान: दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर जम्मू-कश्मीर को लेकर जारी अहम बैठक के बीच ममता बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है। सीएम ममता ने कहा कि कश्मीर की आजादी नहीं छीननी चाहिए। सीएम ममता ने सवाल किया कि दो साल में भाजपा नेता के अलावा कोई भी कश्मीर नहीं जा सका। क्या सिर्फ भाजपा देशभक्त है, बाकी सब आतंकवादी हैं?
पीएम मोदी संग सर्वदलीय बैठक में ये नेता मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हो रही सर्वदलीय बैठक में फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, उमर अब्दुल्ला, गुलाम नबी आजाद, रविन्द्र रैना, कवींद्र गुप्ता, निर्मल सिंह, सज्जाद लोन, भीम सिंह समेत अन्य कई नेता शामिल हैं। वहीं इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनएसए अजीत डोभाल, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के अलावा केंद्र के अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के विभिन्न राजनीतिक नेताओं के साथ एक सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।
पीएम संग नेताओं की बैठक शुरू: जम्मू-कश्मीर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी संग बैठक के लिए पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और कांग्रेसी नेता गुलाम नबी समेत कई बड़े नेता पीएम आवास पहुंच गए हैं। जम्मू-कश्मीर के भविष्य को लेकर होने वाली बैठक की पीएम मोदी अगुवाई कर रहे हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव कराने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
दिल्ली: कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद, गुलाम अहमद मीर और तारा चंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जम्मू-कश्मीर के नेताओं की सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पहुंचे।
जम्मू-कश्मीर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज दोपहर 3 बजे बैठक होनी है। इसमें जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक भविष्य पर मंथन किया जाएगा। बैठक में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती समेत कई बड़े नेताओं भाग लेंगे।
मैं बैठक में जा रहा हूं। मैं वहां मांगों को रखूंगा और फिर आपसे बात करूंगा। महबूबा मुफ्ती उनकी पार्टी की अध्यक्ष हैं, उन्होंने जो कहा उस पर मैं क्यों बोलूं: पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला
सर्वदलीय बैठक के मद्देनजर इंटरनेट बंद नहीं- जम्मू-कश्मीर पुलिस
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उन अफवाहों को खारिज किया है जिसमें बताया जा रहा था कि दिल्ली में हो रही सर्वदलीय बैठक के मद्देनजर इंटरनेट सुविधा को बंद या डाउनग्रेड कर दिया गया है. पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) विजय कुमार ने पीएम मोदी की अध्यक्षता में हो रही बैठक के मद्देनजर केंद्र शासित प्रदेश में इंटरनेट के बंद होने या इसकी गति धीमी होने की अफवाहों पर विराम लगा दिया.
दिल्ली: नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला पार्टी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला के आवास पर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रीय राजधानी में जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों की सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी के साथ सर्वदलीय बैठक से पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद से उनके आवास पर मुलाकात की| बता दें, कांग्रेस के तीन नेता गुलाम नबी आजाद, गुलाम अहमद मीर और ताराचंद सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे|
दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जम्मू-कश्मीर के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने पार्टी मुख्यालय पहुंचे।
पीएम मोदी की बैठक के खिलाफ कश्मीरी पंडितों का प्रदर्शन
कश्मीरी पंडित प्रधानमंत्री की बैठक के खिलाफ एकजुट हो गए हैं| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जम्मू-कश्मीर को लेकर सर्वदलीय बैठक से पहले कश्मीरी पंडित इसके विरोध में उतरे। कश्मीर पंड़ितों ने सर्वदलीय बैठक का विरोध किया और जम्मू में प्रदर्शन भी किया गया।
"जम्मू-कश्मीर की 25 विधानसभा सीटें बढ़ सकती हैं"
बीजेपी नेता सोनकर शास्त्री ने जम्मू-कश्मीर के नेताओं की पीएम मोदी के साथ बैठक से पहला बढ़ा बयान दिया है| सोनकर ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में परिसीमन से एस-एसटी की करीब दो दर्जन सीटें बढ़ जाएंगी| जम्मू-कश्मीर की 25 विधानसभा सीटें बढ़ सकती हैं|
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने से किसने रोका?
पीएम मोदी के साथ बैठक से पहले सीपीआई-एम नेता युसुफ तारीगामी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने से किसने रोका? हमारी आवाम के सामने यह भी मुद्दा है कि हमारी एक दूसरे से नाराजगी हो सकती है लेकिन हम अलग नहीं होना चाहते। सरकार ने बिना किसी से पूछे केंद्रशासित प्रदेश में बदल दिया और बांट दिया।
महबूबा के बयान पर डोगरा फ्रंट ने किया प्रदर्शन
पीएम मोदी के साथ होने वाली सर्वदलीय बैठक से पहले जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हो रहा है| ये प्रदर्शन महबूबा के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान के खिलाफ हो रहा है| 22 जून को गुपकर एलायंस की बैठक के बाद महबूबा ने कहा था कि सरकार को कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान से बात करनी चाहिए|
महबूबा के पाकिस्तान से बातचीत वाले बयान पर बवाल शुरू हो गया। जम्मू में डोगरा फ्रंट ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि महबूबा को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। वे राज्य में अशांति फैला रही हैं। इसके लिए उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डाल देना चाहिए।
"जम्मू कश्मीर में जल्द चुनाव होना चाहिए"
जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने कहा, "हम प्रधान???ंत्री की इस बैठक का स्वागत करते हैं. बातचीत होना चाहिए. 370 हटाने से लोग जरूर नाराज हैं इसलिए सरकार को इसका कोई समाधान तो कश्मीर की जनता को देना चाहिए. जम्मू कश्मीर में जल्द चुनाव हो और इसके लिए डीलिमिटेशन का भी इंतजार ना करें. महबूबा मुफ्ती ने जो पाकिस्तान से बात करने का बयान दिया उसपर ज्यादा नहीं कहूंगा लेकिन कुछ लोग बस भावनाओं की सियासत करके लोगों को गुमराह करने का काम करते रहे है."
चुनाव, लोकतंत्र, मानवाधिकार का सवाल: जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी
मुझे आमंत्रित किया गया है। मान्यताप्राप्त पार्टियां को बुलाया गया है।लोगों के हक, इंसाफ, एकता, भाईचारा, भारत से मजबूती के बारे में बोलना है।चुनाव, लोकतंत्र, मानवाधिकार का सवाल है: जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ PM की बैठक पर जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष भीम सिंह
पैंथर्स पार्टी के नेता बोले- हम महबूबा को तवज्जो नहीं देते
पैंथर्स पार्टी के भीम सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठक से पहले कहा कि वह पीएम मोदी के सामने अपनी बात रखेंगे और यह कहेंगे कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले। साथ ही कहेंगे कि विधानसभा चुनाव भी कराया जाना चाहिए। भीम सिंह ने कहा कि महबूबा मुफ्ती अपनी राजनीति बचाने के लिए पाकिस्तान का नाम लेती हैं, हम उनको तवज्जो नहीं देते हैं।
कांग्रेस के 3 नेता सर्वदलीय बैठक में होंगे शामिल
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'हम सर्वदलीय बैठक में हीं अपना रूख रखेंगे जब बैठक में हमारे सामने एजेंडा रखा जाएगा| क्योंकि अभी तक हममें से किसी को कोई एजेंडा नहीं दिया गया है| कांग्रेस से हम तीन लोग बैठक में शामिल होंगे| मैं, गुलाम अहमद मीर और ताराचंद.
जम्मू-कश्मीर: नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के लिए श्रीनगर में अपने आवास से रवाना हुए।