नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरजेडी के पूर्व नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का रविवार को दिल्ली एम्स (AIIMS) में निधन हो गया है | पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया| प्रधानमंत्री ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बिहार में पेट्रोलियम क्षेत्र की तीन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करने के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक जताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रघुवंश प्रसाद सिंह को जमीन से जुड़ा और गरीबी को समझने वाला व्यक्ति बताया। पीएम ने कहा कि बिहार के लिए संघर्ष में पूरा समय बिताने वाले रघुवंश बाबू के जाने से बिहार और देश की राजनीति में शून्य पैदा हुआ है। पीएम ने कहा, 'उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर विकास के कार्यों की सूची भी दी थी। मैं नीतीश कुमार से आग्रह करता हूं कि अपनी आखिरी चिट्ठी मे उन्होंने जो भावनाएं प्रकट कीं, उसे परिपूर्ण करने के लिए आप और हम मिलकर पूरा प्रयास|
रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर लालू प्रसाद यादव ने दुख जताते हुए कहा, "प्रिय रघुवंश बाबू! ये आपने क्या किया? मैनें परसों ही आपसे कहा था आप कहीं नहीं जा रहे हैं, लेकिन आप इतनी दूर चले गए. नि:शब्द हूं. दुःखी हूँ. बहुत याद आएंगे|
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा,''श्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन का समाचार दुखद है। जमीन से जुड़े व ग्रामीण भारत की असाधारण समझ रखने वाले रघुवंश बाबू का कद बहुत ऊंचा था। अपने संतों जैसे सादा जीवन से उन्होंने सार्वजनिक जीवन को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके परिवार, समर्थकों व प्रशंसकों को मेरी शोक-संवेदनाएं!
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा,'' बिहार के वरिष्ठ राजनेता रघुवंश बाबू के निधन की सूचना से अत्यंत दुःख हुआ। उनका पूरा जीवन लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों के प्रति समर्पित रहा। गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण सदैव याद किया जायेगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख प्रकट किया है।सीएम ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह प्रख्यात समाजवादी नेता थे। वे कर्पूरी ठाकुर के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे। उनका कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा। मुख्यमंत्री ने कहा, 'उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है।'
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शोक जताया| श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी ने कहा,श्री रघुवंश प्रसाद सिंह जी के निधन के साथ ही गाँव व किसान की एक मज़बूत आवाज़ सदा के लिए खो गई है।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, श्री रघुवंश प्रसाद सिंह जी के निधन के साथ ही गाँव व किसान की एक मज़बूत आवाज़ सदा के लिए खो गई है। गाँवों व किसानों के उत्थान के लिए उनकी सेवा और लगन तथा सामाजिक न्याय के लिए उनके संघर्ष को सदा याद रखा जाएगा। मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा,''ग्रामीण इलाकों, खेत-खलिहानों और सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज श्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। रघुंवश जी को उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया,'पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री रघुवंश प्रसाद जी के आज दिल्ली के एम्स में हुए निधन से देश ने ग़रीबों के लिए बुलंद आवाज़ से तर्क रखने वाले एक ज़मीनी और समर्पित नेता को खो दिया है. भावभीनी श्रद्धांजलि!#RaghuvanshPrasadSingh
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट किया,बिहार की जानी-मानी राजनीतिक हस्ती व पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री रघुवंश प्रसाद सिंह के आज निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना। उनका बेबाक व संघर्षशील व्यक्तित्व एवं बिहार की राजनीति में उनकी लम्बी व अहम भूमिका को लोग शायद ही कभी भुला पायेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "पूर्व सांसद श्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन का दुःखद समाचार मिला। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों और समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ॐ शांति
वहीं, केंद्रीय मंत्री और एलजेपी के वरिष्ठ नेता रामविलास पासवान ने कहा, "RJD के वरिष्ठ नेता रहे रघुवंश प्रसाद सिंह जी का निधन बिहार की राजनीति के लिए बड़ा आघात है। रघुवंश बाबू ने हमेशा मुद्दों पर आधारित राजनीति की और पूरी जिंदगी सामाजिक न्याय और शोषितों, वंचितों व पिछड़ों के हक की लड़ाई लड़ते रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति दें । ॥ॐ शान्ति॥