पुणे/नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पुणे में स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के टर्मिनल एक गेट में गुरुवार को आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक और ताजा जानकारी आ रही है कि उसी बिल्डिंग के एक कक्ष में फिर से आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियां रेस्क्यू के लिए अब भी मौजूद हैं|
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में आग की घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी दुख जताया है।
घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुख जताते हुए कहा कि पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में आग की दुर्घटना में हुई मौतें दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं|
घटना पर दुख जताते हुए PM मोदी ने कहा कि,''सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में आग की वजह से हुई मौतों से बेहद दुखी हूँ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों|
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में आग लगने तथा इससे पांच लोगों की मौत की घटना पर दुख जताया और महाराष्ट्र सरकार से पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता करने का आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह जानकर बहुत दुख हुआ कि सीरम इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। वहां पुन: आग की एक और खबर बहुत चिंताजनक है। मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं राज्य सरकार से आग्रह करता हूं कि वह आग में झुलसे लोगों और पीड़ित परिवारों को हर जरूरी मदद मुहैया कराएं।’’
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट में आग लगने से गहरी पीड़ा। मेरे विचार उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
के पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मंजरी परिसर की एक इमारत में आज आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 6 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सीरम इंस्टीट्यूट अग्निकांड में मरने वालों में 2 यूपी के, 2 पुणे के और एक बिहार का व्यक्ति शामिल है। सीरम इंस्टीट्यूट की मंजरी प्लांट में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।सीरम इंस्टीट्यूट ने हादसे में मरने वालों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिवार को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार सीरम इंस्टीट्यूट पहुंच गए हैं।
राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने इस घटना को लेकर कहा कि ठेकेदार के लोग उस फ्लोर पर काम कर रहे थे जहां आग लगी। जब फायर ब्रिगेड के अधिकारी वहां पहुंचे तो उन्हें पांच पूरी तरह से जल चुके शव मिले। मृतकों में से दो उत्तर प्रदेश के, जो पुणे के और एक बिहार का था। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार इस घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के प्रयास कर रही है।
पवार ने कहा, फायर ब्रिगेड ने अच्छा काम किया। मेरी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भी कल घटनास्थल का दौरा करेंगे। उस स्थान को नुकसान नहीं पहुंचा है जहां कोविड वैक्सीन का निर्माण किया जा रहा है। मुझे पता चला है कि यहां रोटावायरस वैक्सीन बनाने की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि एनर्जी ऑडिट के दलों को ऑडिट के निर्देश दिए जा चुके हैं। यह काम कल किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने जांच के आदेश दिए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है कि उद्धव ठाकरे घटनास्थल का दौरा करेंगे। कार्यालय ने बताया कि ठाकरे वहां शुक्रवार की दोपहर को जाएंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।
इस घटना के बाद सीरम के सीईओ अदार पूनावाला का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि चिंता और प्रार्थनाओं के लिए सभी को धन्यवाद। अब तक की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आग लगने से कोई जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई है, हालांकि कुछ मंजिलों को नुकसान पहुंचा है।
पूनावाला ने कहा कि मैं सरकार और सभी जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कई उत्पादन भवन होने के कारण कोविशील्ड के उत्पादन पर कोई प्रभाव नहीं होने वाला है। इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए हम पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने पुणे पुलिस और फायर डिपार्टमेंट का शुक्रिया अदा किया।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया अध्यक्ष और एमडी साइरस पूनावाला ने दुख जताते हुए कहा कि आज सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में अत्यंत दुखद दिन है। हमें बेहद दुख हुआ है और दिवंगत लोगों के परिवार के प्रति हमारी संवेदना है। मानदंडों के अनुसार अनिवार्य राशि के अलावा प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।