नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र के हर शख्स ??ो कोविड वैक्सीनेशन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के साथ ऑफलाइन यानी कोविड वैक्सीनेशन सेंटर जाकर कोविन ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा दे दी है| टीकाकरण सेवाओं का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से टीकाकरण के लिए पूर्व - पंजीकरण और समय (अपॉइंटमेंट) की पहले से बुकिंग कराना अनिवार्य नहीं है। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति सीधे निकटतम टीकाकरण केन्द्र में जा सकता है, जहां टीकाकरण करने वाला कर्मी उसका ऑन - साइट पंजीकरण करता है और उसी समय टीकाकरण कर देता है। इस व्यवस्था को "वॉक-इन" के रूप में भी जाना जाता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा है कि,''टीकाकरण के लिए COWIN पर पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। देश में सभी COVID19 टीकाकरण केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए वॉक-इन और सहायता प्राप्त पंजीकरण की सुविधा प्रदान की जा रही है।
सरकार ने कहा,''को-विन पर कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी) के माध्यम से सुगम पंजीकरण, को-विन पर पंजीकरण कराने के विभिन्न तरीकों में से एक तरीका है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता या आशा कर्मी जैसे मदद प्रदान कराने वाले कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी मलिन बस्तियों में रहने वाले लाभार्थियों को निकटतम टीकाकरण केन्द्रों पर सीधे ऑन - साइट पंजीकरण और टीकाकरण के लिए एकजुट करते हैं। 1075 हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।
विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित उपरोक्त सभी तरीके अपना काम रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण तक न्यायसंगत पहुंच को संभव बना रहे हैं। यह इस तथ्य से स्पष्ट है कि 13.06.2021 तक, को-विन पर पंजीकृत कुल 28.36 करोड़ लाभार्थियों में से, 16.45 करोड़ (58%) लाभार्थियों को ऑन-साइट मोड में पंजीकृत किया गया है। साथ ही, 13 जून 2021 तक को-विन पर दर्ज कुल 24.84 करोड़ टीकों की खुराक में से 19.84 करोड़ खुराक (टीकों की कुल खुराकों का लगभग 80%) ऑन - साइट/वॉक-इन टीकाकरण के माध्यम से प्रदान किए गए हैं।
01.05.21 से लेकर 12.06.21 तक, टीकाकरण सेवाएं प्रदान करने वाले कुल 1,03,585 कोविड टीकाकरण केन्द्रों [सीवीसी] में से 26,114 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों, 26,287 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और 9,441 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संचालित हैं। यह कुल टीकाकरण केन्द्रों का 59.7% है। उप-स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चलने वाले ये सभी सीवीसी ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं जहां लोग ऑन - साइट पंजीकरण और टीकाकरण के लिए सीधे जा सकते हैं।
को-विन पर राज्यों द्वारा अब तक ग्रामीण या शहरी के रूप में वर्गीकृत कुल 69,995 टीकाकरण केन्द्रों में से 49,883 टीकाकरण केन्द्र यानी 71% टीकाकरण केन्द्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं।
जनजातीय क्षेत्रों में टीकाकरण का कवरेज - 3 जून, 2021 तक को-विन पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार –
1. जनजातीय जिलों में प्रति दस लाख (मिलियन) कीआबादी में टीकाकरण राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
2. 176 जनजातीय जिलों में से 128 जिले टीकाकरण के अखिल भारतीय कवरेज से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
3. जनजातीय जिलों में राष्ट्रीय औसत की तुलना में अधिक वॉक-इन टीकाकरण हो रहा है।
4. जनजातीय जिलों में टीकाकरण किए गए लोगों का लैंगिक अनुपात भी बेहतर है।
प्रति दस लाख की आबादी पर खुराकों की कुल संख्या: राष्ट्रीय -1,68,951 और जनजातीय जिले 1,73,875|
पुरूष : महिला अनुपात: राष्ट्रीय- 54 : 46 और जनजातीय जिले 53 : 47
वॉक-इन: ऑनलाइन टीकाकरण: राष्ट्रीय- 81 : 19 और जनजातीय जिले 88 : 12