नई दिल्ली: आज पुलवामा हमले की दूसरी बरसी है|साल 2019 के फरवरी महीने की 14 तारीख ने देश को झकझोर कर रख दिया था। इस दिन हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने घात लगाकर सीआरपीएफ के काफिले में घुसकर विस्फोटकों से लदी कार टकरा दी थी| धमाका इतना भयंकर था कि बस के परखच्चे उड़ गए थे। इसके बाद घात लगाए आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की थी। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।
जम्मू-कश्मीर: CRPF ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले 40 जवानों को श्रद्धांजलि दी। CRPF कश्मीर के IG ने बताया, "CRPF ने पिछले दो सालों में काफी बदलाव किया है। हमारे पास उपलब्ध उपकरणों में भारी सुधार हुआ है। हमारी तैयारी ऐसी है कि आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके।"
-जम्मू-कश्मीर: पुलवामा हमले की दूसरी बरसी पर लेथपोरा में जान गंवाने वाले केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल(CRPF) के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
भारतीय सेना के चिनार कॉर्प्स ने पुलवामा हादसे में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर 1.42 मिनट का एक वीडियो क्लिप शेयर किया है, जिसमें घटना के बारे में जानकारी साझा की गई है| क्लिप के आखिर में लिखा है,
"बिठाकर पास बच्चों को जो कल किस्से सुनाता था,
उसे किस्सा बनाने को, क्या जायज़ ये धमाका था.
पहुंचा घर जो उसके था वो ताबूत था खाली,
उठा जो उसकी चौखट से बहुत भारी जनाज़ा था.."
ग्राफिक्स पर तैयार इस क्लिप के बैकग्राउंड में 'तेरी मिट्टी में मिल जावां, गुल बनकर खिल जावां, इतनी सी है आरजू...' गीत चल रहा है जो उसे बेहद खास और मार्मिक बनाता है|
उत्तर प्रदेश: पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले CRPF के जवान अमित कोरी के परिवार को अपना बेटा खोने का दुख है लेकिन साथ ही उन पर गर्व भी है। शामली में रह रहे उनके पिता ने बताया, "हम सुबह पहले उसकी पूजा करते हैं। आनेवाली पीढ़ियां इससे सबक लें और देशसेवा के लिए हमेशा तैयार रहें।"
गृह मंत्री ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
गृह मंत्री अमित शाह ने 2019 में पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी है। गृह मंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, 'भारत उनके असाधारण साहस और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।'
रक्षा मंत्री ने सीआरपीएफ के शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी। रक्षा मंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "भारत राष्ट्र के लिए उनकी सेवा और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों को नमन
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुलवामा के शहीदों को नमन किया है। उन्होंने कहा, 'पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि और उनके परिवारों को नमन। देश आपका ऋणी है।'
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी अपने ट्वीट में लिखा,,'' पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर सैनिकों को नमन। देश हमेशा आपका और आपके परिवारों का ऋणी रहेगा। जय हिन्द, जय भारत
बेटे की शहादत पर गर्व
पंजाब के रूपानगर के रहने वाले सीआरपीएफ कांस्टेबल कुलविंदर सिंह के माता-पिता ने कहा, 'उसने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया। हमें अपने बेटे पर बहुत गर्व है।' सिंह 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हो गए थे।
पंजाब: पुलवामा आतंकी हमले में जान गंवाने वाले CRPF के जवान कुलविंदर सिंह के माता-पिता को अपने बेटे पर गर्व है। कुलविंदर सिंह रौली गांव के रहने वाले थे। उनके पिता ने कहा, "हम सुबह शाम दीप जलाते हैं और परमात्मा से कहते हैं कि उसकी आत्मा को शांति दें।"
गृह मंत्री अमित शाह ने 2019 में पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी। गृह मंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "भारत उनके असाधारण साहस और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।"