अंबाला/नई दिल्ली: भारत और चीन में सीमा पर जारी गतिरोध के बीच आज पांच राफेल लड़ाकू विमानों को अंबाला एयरबेस पर औपचारिक रूप से वायुसेना में शामिल कर लिया गया। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली सहित चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, वायुसेनाध्यक्ष आरकेएस भदौरिया सहित अन्य लोग शामिल रहे|
अंबाला वायुसेना स्टेशन पर राफेल विमानों के भारतीय वायुसेना में शामिल होने के कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वायुसेना में राफेल का शामिल होना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। राफेल का भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल होना भारत और फ्रांस के बीच के प्रगाढ़ संबंधों को भी दर्शाता है। भारत और फ्रांस लंबे समय से आर्थिक,सांस्कृतिक, राजनीतिक,रणनीतिक साझेदार रहे हैं|
राजनाथ सिंह ने कहा,हमारे मित्र देश फ्रांस के साथ राफेल डील भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा में एक गेम चेंजर है। इसका लॉन्ग रेंज ऑपरेशन, अपने वजन के बराबर सामान और अतिरिक्त फ्यूल रखने की क्षमता और तेज स्पीड जैसी खूबियां इसे बेस्ट एयरक्राफ्ट में से एक बनाती हैं|
उन्होंने कहा कि आज राफेल का इंडक्शन पूरी दुनिया, खासकर हमारी संप्रभुता की ओर उठी निगाहों के लिए एक बड़ा और कड़ा संदेश है। हमारी सीमाओं पर जिस तरह का माहौल हाल के दिनों में बना या बनाया गया है उनके लिहाज से ये इंडक्शन बहुत ही अहम है|ये अपनी सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का भी एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करता है|
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि,''रक्षा की मजबूती के पीछे हमारा उद्देश्य हमेशा से विश्व शांति की कामना रहा है और आज भी है। इस राह में हमारा देश कोई भी ऐसा कदम न उठाने के लिए प्रतिबद्ध है जिससे कहीं भी शांति भंग हो। ये ही अपेक्षा हम अपने पड़ोसी और दुनिया के बाकी देशों से भी करते हैं|
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले ने कहा कि,''आज हमारे देशों के लिए एक उपलब्धि है। साथ में हम भारत-फ्रांस रक्षा संबंधों में एक नया अध्याय लिख रहे हैं| रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंबाला वायुसेना स्टेशन पर राफेल विमानों के भारतीय वायुसेना में शामिल होने के कार्यक्रम में फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले को एक मोमेंटो भेंट किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल विमान का इंडक्शन स्क्रॉल भारतीय वायु सेना के 17 स्क्वाड्रन 'गोल्डन एरो' के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन हरकीरत सिंह को दिया। इस दौरान मुख्य अतिथि फ्लोरेंस पार्ले भी मौजूद रहीं।