नई दिल्ली: कांग्रेस के तेजतर्रार प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार की शाम को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्यागी के निधन से राजनीति जगत में शोक की लहर है। कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि त्यागी का संघर्ष हमेशा याद रहेगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला, छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश पूर्व CM कमलनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, 'कांग्रेस ने आज अपना एक बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगी। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि व परिवार को संवेदनाएं।'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्विटर पर लिखा,''दुःखद! प्रखर कांग्रेस प्रवक्ता श्री राजीव त्यागी जी का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को शक्ति दें।#RajivTyagi
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की आज अचानक तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। मौत के तुरंत पहले वह एक टीवी चैनल पर डिबेट में हिस्सा ले रहे थे। बताया जाता है कि बहस खत्म होने के कुछ ही मिनटों में तकलीफ शुरू हुई और वह बेहोश हो गए। उन्हें गाजियाबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। त्यागी के निधन के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेताओं समेत कई नामी हस्तियों ने शोक प्रकट किया है।
यशोदा अस्पताल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार त्यागी को समाचार चैनल पर बहस के दौरान दिल का दौरा पड़ा। उन्हें अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्यागी ने आज शाम पांच बजे एक समाचार चैनल पर बहस की थी। उन्होंने खुद ट्विटर पर इसकी जानकारी दी थी।
वहीं, ट्विटर पर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ ट्वीट्स का अंबार लगने लगा है। कई यूजर्स त्यागी की आखिरी टीवी डिबेट का विडियो शेयर कर पात्रा को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पात्रा ने बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जिससे त्यागी की तबीयत बिगड़ गई।
त्यागी एक निजी चैनल पर बेंगलुरु हिंसा पर बहस में शामिल हुए थे। जो विडियो वायरल हैं उसमें बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा कहते नजर आ रहे हैं, "हमारे घर के जयचंदों ने हमारे घर को लूटा है। अरे नाम लेने में शर्मं कर रहे हैं। वो घर जला रहे हैं और यहां जयचंद नाम तक नहीं ले पा रहे हैं। अरे, टीका लगाने से कोई सच्चा हिंदू नहीं बन जाता है। टीका लगाना है तो दिल में लगा और कहो कि किसने घर जलाया है।" त्यागी बीच में कहते हैं कि 'मैं जवाब देना चाहता हूं।' एक और विडियो वायरल है जिसमें डॉक्टर कह रहे हैं कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी को टीवी डिबेट के दौरान ही दिल का दौरा पड़ गया था।
पार्टी का पक्ष रखते हुए त्यागी ने कहा था कि "दंगाई सलाखों के पीछे होने चाहिए।" इसके बाद उन्होंने भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता की एक पोस्ट पढ़ी। इसके बाद त्यागी ने कहा, "भाजपा वर्कर होने की वजह से उनकी गिरफ्तारी तीन घंटे बाद की गई। मैं ये पूछना चाहता हूं कि जिन्होंने पोस्ट किया, वह सलाखों के पीछे होने चाहिए। जिन्होंने कानून हाथ में लिया, वह भी सलाखों के पीछे होने चाहिए।"