नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर है| बुधवार को बेरोजगारी संकट को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला है| पिछले 4 महीनों में 2 करोड़ लोगों की नौकरियाँ जाने पर उन्होंने कहा कि,''फेसबुक पर झूठी खबरें और नफ़रत फैलाने से बेरोज़गारी और अर्थव्यवस्था के सर्वनाश का सत्य देश से नहीं छुप सकता।
एक खबर के हवाले से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया,'' पिछले 4 महीनों में क़रीब 2 करोड़ लोगों ने नौकरियाँ गँवायी हैं। 2 करोड़ परिवारों का भविष्य अंधकार में है। फेसबुक पर झूठी खबरें और नफ़रत फैलाने से बेरोज़गारी और अर्थव्यवस्था के सर्वनाश का सत्य देश से नहीं छुप सकता।
बता दें कि,'सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी के आंकड़ों के अनुसार, कोरोनावायरस महामारी के बीच अपनी नौकरी गंवाने वाले वेतनभोगियों की संख्या अप्रैल से अब तक 1.89 करोड़ हो गई है, पिछले महीने लगभग 50 लाख लोगों ने नौकरी गंवाई है।आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल महीने में 1.77 करोड़ वेतनभोगियों की नौकरी चली गई, मई में लगभग 1 लाख, जबकि जून में लगभग 39 लाख और जुलाई में करीब 50 लाख लोगों की नौकरी चली गई।