नई दिल्ली: भारत और चीन के बीच लंबे समय से जारी गतिरोध के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन ने एक पुल का निर्माण कर लिया है। चीन की ओर से वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के नजदीक लद्दाख में पैंगोंग त्सो झील पर पुल (ब्रिज) बनाने की रिपोर्टों को लेकर कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर धारदार निशाना साधते हुए तंज कसा है कि, कहीं मोदी पुल का उद्घाटन करने न पहुँच जाएं। राहुल गांधी ने इससे पहले भी मामले में पीएम की चुप्पी पर सवाल उठाया था|
पीएम की चुप्पी से पीएलए के हौसले बढ़ते जा रहे है
सांसद राहुल गांधी ने आज बुधवार को ट्विटर पर एक GIF पोस्ट कर कहा कि हमारे देश में चीन एक कूटनीतिक पुल का निर्माण कर रहा है| PM की चुप्पी से PLA के हौसले बढ़ते जा रहे हैं| अब तो ये डर है कहीं PM इस पुल का भी उद्घाटन करने ना पहुंच जाएं.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'हमारे देश में चीन एक कूटनीतिक पुल का निर्माण कर रहा है। PM की चुप्पी से PLA के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। अब तो ये डर है कहीं PM इस पुल का भी उद्घाटन करने ना पहुँच जायें।
पीएलए को मिलेगा यह फायदा, बना रहा ये रास्ता
चीन पूर्वी लद्दाख में अपने निर्माण कार्य की गतिविधियों को जारी रखे हुए है। फिलहाल एक सैटेलाइट चित्र यूरोप की स्पेस फर्म मैक्सार टेक्नोलॉजीस द्वारा जारी की गई है। इस पुल के बनने से चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) को पैंगोंग झील में विवादित क्षेत्रों तक पहुंच बनाने में बेहद आसानी हो जाएगी और लगभग एक तिहाई दूरी कम हो जाएगी। इसी को लेकर बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की कूटनीति और विदेश नीति पर निशाना साधा है।
गौरतलब है कि भारत से सटी सीमा पर चीन का निर्माण कार्य लगातार बढ़ाता जा रहा है। सैटेलाइट से ली की गईं नई तस्वीरों में ये दावा किया गया है कि चीन ने कड़ाके की सर्दी में भी पैंगोंग त्सो झील पर तेजी से पुल निर्माण किया है। कंस्ट्रक्शन चीनी कब्जे वाले उस इलाके में भारत की सीमा के भीतर किया जा रहा है, जिस पर बरसों से भारत का दावा रहा है। अब यह निर्माण कार्य पैगांग झील के दक्षिणी तट से कुछ मीटर दूर ही बाकी रह गया है।
खुद के लिए नहीं तो दोस्तों के लिए कैसे खड़े होंगे: कांग्रेस नेता
इससे पहले पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चीनी आक्रामकता के बारे में मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया था कि उसने पहले अपनी जमीन चीन को सौंप दी और अब बीजिंग को पीछे नहीं धकेलकर देश को खतरे में डाल रही है| गांधी ने ट्विटर पर एक समाचार रिपोर्ट के हवाले से कहा कि चीन अब भूटान में कई अवैध गांवों का निर्माण कर रहा है| अगर आप अपने लिए खड़े नहीं होते हैं, तो अपने दोस्तों के लिए कैसे खड़े होंगे|