नई दिल्ली: UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने गठबंधन की औपचारिक घोषणा कर दी है| भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपना दल सोनेलाल और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन का एलान किया। उन्होंने कहा की तीनों दल मिलकर सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा इसका जल्द एलान कर दिया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि,''भाजपा, निषाद पार्टी और अपना दल उत्तर प्रदेश में गठबंधन कर चुनाव लडेगी। ऐसा निर्णय हुआ है। भाजपा की दोनों पार्टियों के साथ सीट को लेकर चर्चा हुई है। हम सब एकसाथ मिलकर 403 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं|
इस दौरान नड्डा ने कहा कि पांच साल पहले पलायन हो रहा था, शाम को पांच बजे के बाद आम जनजीवन थम जाता था। माफिया और सरकार की साठगांठ थी। ये सब पिछले पांच साल में खत्म हुई हैं। अब यूपी में कानून का शासन है। हमने जो कहा था वो किया है। हमारी सोच ईमानदार है और काम असरदार है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना दल और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन की भाजपा की घोषणा के बाद, अपना दल की प्रमुख अनुप्रिया पटेल, निषाद पार्टी के संजय निषाद, UP के CM योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा और अन्य लोगों की एक तस्वीर साझा की।
गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ''आज जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ व यूपी के सहयोगी दल अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद के साथ बैठक की| उत्तर प्रदेश की जनता का आशीर्वाद NDA के साथ है और पीएम मोदी के नेतृत्व में NDA गठबंधन की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है|