राज्यसभा चुनाव: कर्नाटक में हुए राज्यसभा चुनावों के नतीजे आ चुके हैं। सूबे की 4 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे जिनमें से 3 कांग्रेस और एक बीजेपी के खाते में गई है। कांग्रेस की तरफ से पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन, मौजूदा राज्यसभा सदस्य जी. सी. चंद्रशेखर और सैयद नसीर हुसैन और बीजेपी की तरफ से नारायण बंदगे ने जीत दर्ज की है।
कर्नाटक में कांग्रेस के तीनों उम्मीदवार अजय माकन, डॉ. सैयद नसीर हुसैन और जीसी चन्द्रशेखर क्रमश: 47, 46 और 46 वोटों से जीते।
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा, "यह कांग्रेस की एकता और अखंडता को दर्शाता है। मैं सभी विधायकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया को धन्यवाद देता हूं। मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि कांग्रेस के सभी उम्मीदवार जीत गए हैं। मैं सभी मतदाताओं, सीएम और पार्टी कार्यकर्ताओं और एआईसीसी अध्यक्ष को भी धन्यवाद देता हूं। मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को धन्यवाद देना चाहता हूं।”
लोकसभा चुनाव से पहले आज तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग संपन्न हो गई है। जिन 15 सीटों के लिए वोटिंग हुई, उनमें उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की 4 और हिमाचल प्रदेश की एक सीट शामिल है। सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू हुई जो शाम 4 बजे तक चली। विधायकों ने अपने-अपने राज्यों की विधानसभा में बने पोलिंग बूथ में वोट डाले।