Russia-Ukraine War: यूक्रेन के खारकीव में गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है| विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है| विदेश मंत्रालय का कहना है कि यूक्रेन के खार्किव में आज सुबह गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा, 'मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है| हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं|
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों को भारतीय नागरिकों के लिए तत्काल सुरक्षित मार्ग की हमारी मांग को दोहराने के लिए बुला रहे हैं, भारतीय अभी भी खारकीव और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में शहरों में मौजूद हैं| इसी तरह की कार्रवाई रूस और यूक्रेन में हमारे राजदूतों द्वारा भी की जा रही है|
मृतक भारतीय छात्र की पहचान कर्नाटक के हावेरी जिले के नवीन एसजी के रूप में हुई है| नवीन खारकीव में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे और चौथे साल में थे| नवीन कुछ लाने दुकान गया था| इसी दौरान हमले में उसकी मौत हो गई|
हावेरी ज़िले के छात्र नवीन शेखरप्पा की यूक्रेन में मौत हो गई। कर्नाटक CM बसवराज बोम्मई ने छात्र के पिता से बात की। नवीन का पार्थिव शरीर भारत वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। CM ने कहा कि इस मामले में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है|
इससे पहले यूक्रेन के खारकीव क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव ने बताया था कि रूस ने खारकीव के बीचों-बीच आवासीय इमारतों के साथ एक प्रशासनिक इमारत पर मंगलवार को गोलाबारी की| सिनेहुबोव ने यह नहीं बताया कि इस गोलाबारी में कितने लोग हताहत हुए हैं|
इससे पहले, उन्होंने बताया कि सोमवार को खारकीव में हुई गोलाबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे| उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सेना इस शहर में आगे बढ़ने की रूस की कोशिशों को बाधित करने की कोशिश कर रही है|