नई दिल्ली: केंद्र सरकार पर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष हमलावर है इस सबके बीच मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर तंज कसा है| भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर कर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा है।
भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी कहा,''राम के भारत में सीता के नेपाल और रावण की लंका की तुलना में ज्यादा कीमत पर पेट्रोल मिल रहा है। उन्होंने लिखा है कि,'' राम के भारत में पेट्रोल 93 रुपये, सीता के नेपाल में 53 रुपये और रावण की लंका में 51 रुपये है।
पेट्रोल और डीजल पर कृषि सेस लगाये जाने पर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने सरकार पर तंज कसा है। सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर किया है। फोटो में दूसरे देशों से पेट्रोल के दामों की तुलना की गयी है।इस तस्वीर में स्वामी ने लिखा है कि राम के देश भारत में पेट्रोल के दाम 93 रुपये, सीता के देश नेपाल में पेट्रोल 53 रुपये प्रति लीटर और रावण के देश श्रीलंका में पेट्रोल 51 रुपये प्रति लीटर है।
बता दें कि सोमवार को केंद्र सरकार द्वारा 2021-22 के लिए केंद्रीय बजट पेश किया गया| पेश किए गए आम बजट में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर कृषि सेस लगा दिया गया है| हालांकि, कहा जा रहा है कि ये सेस कंपनियों को देना होगा और आम लोगों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि,'' पेट्रोल पर 2.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 4 रुपये प्रति लीटर एआईडीसी लगाया गया है। हालांकि, बजट में पेट्रोल और डीजल पर प्राथमिक उत्पाद शुल्क (बीईडी) और विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) दरों में कटौती कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। बगैर ब्रांड के पेट्रोल और डीजल पर क्रमशः 1.4 रुपये और 1.8 रुपये प्रति लीटर बीईडी लगेगा, वहीं एसएईडी क्रमशः 11 रुपये और 8 रुपये प्रति लीटर लगेगा।