नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम ट्विटर इंडिया (दिल्ली और गुरुग्राम में) के कार्यालयों में तलाशी ले रही है| कथित टूलकिट केस के सम्बन्ध में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम आज यानी सोमवार को ट्विटर इंडिया के गुरुग्राम और लाडो सराय के दफ्तर पहुंची| दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम ट्विटर इंडिया के कार्यालयों (लाडो सराय, दिल्ली और गुरुग्राम में) में तलाशी ले रही है।
दरअसल, टूलकिट को लेकर बीजेपी को ट्विटर ने तगड़ा झटका दिया था| | तथाकथित टूलकिट मामले पर कांग्रेस को घेरने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने जो ट्वीट किया था, उसे ट्विटर ने ‘मैनिपुलेटेड मीडिया’ यानी भ्रामक बता दिया था| ट्विटर ने BJP प्रवक्ता संबित पात्रा समेत BJP के बड़े नेताओं के ट्वीट को मेनुपलटेड (हेर-फेर किया हुआ) टैग दे दिया था|
ट्विटर के 'Manipulated Media के टैग को लेकर केंद्र सरकार ने ट्विटर से ऐतराज भी जताया था| सरकार ने तर्क दिया था कि क्योंकि यह मामला अभी जांच के अधीन है, लिहाजा उसे टैग (Twitter Manipulated Tag) दिया जाना सही नहीं है|
सोमवार को इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्विटर इंडिया के दफ्तरों पर छापे मारे हैं। स्पेशल सेल की टीम की यह कार्रवाई अभी भी जारी है। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि सोमवार शाम को दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ की टीमें 'टूलकिट' मामले की जांच के लिए दिल्ली और गुरुग्राम स्थित ट्विटर के कार्यालय पहुंचीं। अधिकारी ने कहा कि ट्विटर के दिल्ली के लाडो सराय और गुरुग्राम में स्थित दफ्तरों में कार्रवाई चल रही है।
पुलिस ने ट्विटर को नोटिस देकर जवाब भी मांगा था| दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है,''दिल्ली पुलिस की टीम नियमित प्रक्रिया के तहत ट्विटर को नोटिस देने के लिए ट्विटर कार्यालय गई थी। यह आवश्यक था क्योंकि यह पता लगाना था कि नोटिस देने के लिए सही व्यक्ति कौन था, क्योंकि ट्विटर इंडिया के एमडी के जवाब बहुत अस्पष्ट थे।
गौरतलब है कि इससे पहले 21 मई को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने टूलकिट मामले में ट्विटर इंडिया के प्रमुख मनीष माहेश्वरी को नोटिस भेजा था और संबित पात्रा मामले में सफाई देने को कहा था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह एक शिकायत पर जांच कर रही है, जिसमें ट्विटर से संबित पात्रा के ट्वीट को मैनिपुलेटेड मीडिया बताया था।