Today’s (30 October, 2023) Breaking News in Hindi Live Updates:
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "मेरी माटी मेरा देश आजादी के अमृत महोत्सव का अंतिम कार्यक्रम है। जिसके तहत देश के युवा 6 लाख से अधिक गांवों की मिट्टी लेकर यहां आए हैं। अब इस मिट्टी से यहां अमृत वाटिका बनेगी और वॉर मेमोरियल के साथ लगती जमीन पर आजादी का अमृत महोत्सव मेमोरियल स्मारक बनेगा..."
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कल तेलंगाना में प्रचार करेंगी।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा, "भूपेश बघेल को यह एहसास हो गया है कि सरकार जा रही है और अब रोज नई घोषणा करके बचना चाहते हैं लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता को मालूम है कि ये 40 दिन के मुख्यमंत्री हैं, इनकी घोषणाओं का कोई महत्व नहीं है।"
दिल्ली: NCP(शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले के बयान पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "उनके(प्रकाश सोलंके) घर पर हमला हुआ और आग लगा दी गई जो गलत हुआ... शिंदे कमेटी की रिपोर्ट जल्द ही आएगी... जरांगे पाटिल बोल रहे हैं कि हम शांति से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन किसी के घर पर इस तरह का हमला करना बिलकुल ठीक नहीं है। सुप्रिया सुले के आरोप में तथ्य नहीं है। सरकार फेल हो गई है ये बोलना ठीक नहीं है। जब उनकी और कांग्रेस की सरकार थी तब से ये मांग उठी लेकिन तब कोई निर्णय नहीं लिया गया..."
दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी सांसद राहुल गांधी राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य कांग्रेस प्रभारी सुखिंदर सिंह रंधावा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजस्थान CEC बैठक के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे।
दिल्ली: NCP(शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "हम सारे हलफनामे और सबूत लेकर आए हैं। पूरी पारदर्शिता के साथ हम इसे चुनाव आयोग को दिखाना चाहते हैं..."
केरल: बीजेपी के रा??्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, "हम (भाजपा) समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं...लेकिन हम उन राष्ट्र-विरोधी ताकतों से समझौता नहीं करेंगे जो राष्ट्रीय होने की आड़ में देश को विभाजित करने की कोशिश करते हैं। हमें इसे लेकर बहुत सतर्क रहना होगा।"
बिलासपुर, छत्तीसगढ़: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए हम महतारी न्याय योजना लागू कर रहे हैं। इसके तहत हर सिलेंडर को रिफिल कराते समय 500 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। सरकार इस राशि को सीधे घर की महिलाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित करेगी...700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे..."
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने विजयनगरम जिले में ट्रेन दुर्घटना स्थल का हवाई सर्वेक्षण किया। विजयनगरम ट्रेन दुर्घटना स्थल पर बहाली कार्य के बाद वहां पहली ट्रेन चलाई गई।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "...दुर्ग के किले को भेदना आसान नहीं है, यह तो हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है...उन्होंने (भाजपा) छत्तीसगढ़ की जनता से कोई वादा नहीं किया है। उनको भी पता है कि यदि वे छत्तीसगढ़ की जनता को कोई गारंटी देंगे तो छत्तीसगढ़ की जनता उनकी गारंटी पर भरोसा नहीं करेगी। छत्तीसगढ़ की जनता को भरोसा कांग्रेस पर है...और (कांग्रेस) सरकार के नेता भूपेश बघेल पर है...''
इंदौर: भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने मध्य प्रदेश में आगामी चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। पार्टी ने उन्हें इंदौर-1 विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है।
भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "हम इंदौर की सभी 9 सीटें जीतेंगे और मध्य प्रदेश में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे, हम 160 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। मध्य प्रदेश में बीजेपी के विकास की लहर है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा जो कहते हैं वो करते हैं। मध्य प्रदेश में डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं...इसलिए लोगों का भरोसा बीजेपी और पीएम मोदी पर है।"
CPI(M) ने राजस्थान में आगामी चुनावों के लिए 17 उम्मीदवारों की सूची जारी की।
दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश ने पिछले 2 वर्षों में मनाया। लाखों कार्यक्रम हुए और करोड़ों लोग उससे जुड़े। प्रधानमंत्री मोदी ने मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए कहा और देश के 6 लाख गांवों में लाखों अमृत कलश यात्राएं निकलीं...एक भारत श्रेष्ठ भारत को और बल देने का काम युवा कर रहे हैं..."
मध्य प्रदेश: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ग्वालियर दौरे पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, "चुनाव की दृष्टी से गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय दौरा है, जिसमें उनके दो दिन पूरे हुए हैं। आज वह(अमित शाह) ग्वालियर भी पधार रहे हैं। वह ग्वालियर संभाग के चुनाव के काम में लगे कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। पिछली बैठक में जो कामकाज की बातचीत हुई थी उसकी समीक्षा भी की जाएगी..."
लखनऊ: 'समाजवादी PDA यात्रा' पर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "यात्राएं करनी चाहिए और लगातार करती रहनी चाहिए। जनता के बीच में जाइए और उन्हें जोड़िए लेकिन शासन में रहते हुए अगर आप(समाजवादी पार्टी) पिछड़ी जाति और अति पिछड़ी जाति के लिए काम नहीं कर पाए तो आपके कार्यकाल में लोगों को कहीं न कहीं खोट नजर आएगा। आपको जो काम करने चाहिए थे वो आप नहीं कर पाए। उसके लिए आप वो यात्राएं निकाल रहे हैं, साइकिल चला रहे हैं और लोगों के बीच जाकर उन्हें लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।"
कुपवाड़ा: पुलवामा और श्रीनगर में हाल ही में हुए आतंकी हमलों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा, "अगर स्थिति सामान्य है तो चुनाव क्यों नहीं हो रहे, क्या बहाना है? कल श्रीनगर में एक पुलिस इंस्पेक्टर को गोली मार दी गई, आज सुन रहा हूं कि पुलवामा में कुछ हुआ... अगर ये सामान्य स्थिति है तो ठीक है... कुछ दिन पहले यहां एलजी आए थे, लोगों को घरों में बंद कर दिया गया...मैं सीएम के रूप में यहां आता था लेकिन मैंने कभी शहर को बंद नहीं किया... जब हम सड़कों पर यात्रा करते थे तो हमने कभी लोगों को उनके घरों में बंद नहीं रखा..."
लखनऊ: 'समाजवादी PDA यात्रा' पर SP अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "ये यात्रा आज से शुरू नहीं हुई है, आज राजधानी लखनऊ में आई है। मैं आज इसमें शामिल हो रहा हूं... पिछले कई दिनों से समाजवादी साथी लगातार यात्रा कर रहे हैं और 5000 किलोमीटर से ज्यादा चल चुके हैं... पार्टी के विधायक, संगठन के लोग और पार्टी के नेता अपने जिलों में इस यात्रा में शामिल हुए... बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं और पार्टी को समर्थन मिल रहा है... समर्थन मिलने के बाद भाजपा का लोकसभा से सफाया होगा।"
आंध्र प्रदेश: विजयनगरम में हुए ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने आंध्र प्रदेश CM वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी अस्पताल पहुंचे।
छत्तीसगढ़ CM और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने पाटन विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन जमरा अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र, कलामासेरी पहुंचे जहां कल हुए विस्फोट में 3 लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली: ED के सामने पेश होने के बाद कांग्रेस नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने कहा, "प्रवर्तन निदेशालय की ओर से FEMA के तहत समन आया था। मैंने उन्हें कहा है कि FEMA से हमारा कोई वास्ता नहीं है। मेरा या मेरे परिवार में से किसी का FEMA के तहत कोई लेन-देन नहीं हुआ... मुझे 1 घंटे बाद फिर से बुलाया..."
महा विकास अघाड़ी के प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई के राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की।
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा, "लोकतंत्र में जवाबदेही होनी चाहिए कि आपने 5 साल पहले जो गारंटी दी उसमें से क्या पूरा किया? कौन से वादे आपने पूरे किए? हर चुनाव में नई गारंटी देना और उसे भूल जाना, केवल छत्तीसगढ़ में नहीं बल्कि यह स्थिति राजस्थान में भी है। इन्होंने(कांग्रेस) राजस्थान में भी इसी तरह से गारंटी दी थी लेकिन भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं हुआ। इनकी एक गारंटी तो पक्की है कि इनकी तिजोरियां भरेंगी।"
मेहसाणा: PM मोदी ने कहा, "यहां आने से पहले मुझे अंबाजी मंदिर के दर्शन करने का मौका मिला... जिस तरह से 'गब्बर' पर्वत (अंबाजी गांव के पश्चिम में एक छोटी पहाड़ी को देवी का मूल स्थान माना जाता है) को विकसित किया जा रहा है, मैंने कल 'मन की बात' में इसके बारे में बात की थी... आज लगभग 6000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई है... ये परियोजनाएं किसानों को मज़बूत करेंगी... इनसे पूरे देश के साथ कनेक्टिविटी बनेगी ... इन परियोजनाओं से मेहसाणा के आसपास के सभी ज़िले लाभान्वित होंगे..."
दिल्ली: NCP विधायक प्रकाश सोलंके के बीड आवास पर हुए हमले पर NCP(शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "महाराष्ट्र में जो ट्रिपल ईंजन की सरकार है, ये उनकी विफलता है। आज एक विधायक का घर जलाया जाता है, गृह मंत्रालय क्या कर रहा है और गृह मंत्री क्या कर रहे हैं? ये उनकी जिम्मेदारी है।"
जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में आतंकवादियों ने तुमची नौपोरा इलाके में एक मजदूर को गोली मार दी, जिसने बाद में दम तोड़ दिया।घटना के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलवामा के तुमची नौपोरा इलाके में आतंकवादियों ने उत्तर प्रदेश के मुकेश नाम के एक मज़दूर पर गोली चला दी, जिसने बाद में दम तोड़ दिया। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है: जम्मू-कश्मीर पुलिस
तिरुवनंतपुरम: केरल सरकार की नीतियों के खिलाफ NDA के विरोध प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा "...युवा नशीली दवाओं के दुरुपयोग में शामिल हो रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है... आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि साल 2022 में 16,752 नशीली दवाओं के मामले सामने आए। यह सरकार(केरल सरकार) शराब की खपत को भी बढ़ा रही है। वे(केरल सरकार) अवैध शराब वितरण को बचा रहे हैं, वे अवैध शराब कारोबारियों को बचा रहे हैं। यह सरकार केंद्र सरकार की योजना को बाधित करने की भी कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने जल जीवन मिशन के लिए 70 लाख रुपये भेजे लेकिन पिनाराई विजयन सरकार केवल 12 लाख लोगों को ही कनेक्शन दे पाई है..."
मुंबई | महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में मराठा आरक्षण पर कैबिनेट उप-समिति की बैठक की अध्यक्षता की। मराठा आरक्षण समर्थक प्रदर्शनकारियों द्वारा एनसीपी विधायक प्रकाश सोलंके के बीड आवास पर हमले पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "मनोज जारांगे पाटिल (मराठा आरक्षण कार्यकर्ता) को इस तथ्य पर ध्यान देना चाहिए कि यह विरोध क्या मोड़ ले रहा है। यह गलत दिशा में जा रहा है।"
सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र स्पीकर से अजित पवार गुट के नेतृत्व वाले विधायकों के एक समूह के खिलाफ शरद पवार के नेतृत्व वाले NCP समूह की अयोग्यता याचिकाओं पर 31 जनवरी, 2024 तक फैसला करने को कहा है।
लखनऊ: आंध्र प्रदेश रेल दुर्घटना पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "ट्रेनों का पलटना, दुर्घटनाग्रस्त होना, ये तमाम घटनाएं सरकार की पोल खोल रही हैं। वे(भाजपा) कहते थे कि उनके पास ऐसी तकनीक है, जिससे कोई चीज सामने आएगी तो उन्हें पता चल जाएगा। ये कैसी तकनीक है जो इन्हें बचा नहीं पा रही है? कहीं न कहीं जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।"
भुवनेश्वर (ओडिशा): आंध्र प्रदेश रेल दुर्घटना पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के CPRO विश्वजीत साहू ने बताया, "अभी बचाव कार्य जारी है। आशा है कि आज शाम तक राहत बचाव कार्य पूरा कर लिया जाएगा । 45 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जिसमें से 41 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है और 4 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। दुर्भाग्य से अब तक इस दुर्घटना में 14 मौतें दर्ज़ की गई है और 50 से अधिक लोग घायल हैं, जिसमें से 29 को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है बाकि को छुट्टी दे दी गई है।"
कतर में भारतीय नौसेना के 8 पूर्व अधिकारियों को मौत की सजा सुनाए जाने पर भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने कहा, "सरकार की ओर से यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि हम कानूनी प्रक्रिया अपनाएं और हमारे कर्मियों को राहत मिले।"
इंदौर: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, "मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर मुझे पूरा विश्वास है, वे मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रखेंगे... अब राजनाथ सिंह कुछ भी कहें, वो उन्हें(शिवराज सिंह चौहान) किस दृष्टि से देखते हैं, वो देखें। मध्य प्रदेश किस दृष्टि से देखता है, यह मतदाता तय करेंगे।"
दिल्ली: आंध्र प्रदेश ट्रेन दुर्घटना पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "ट्रेनों के पटरी से उतरने की दुर्घटनाओं से कोई राहत नहीं मिल रही है, जिससे लगातार आम लोगों को नुकसान हो रहा है। देश भर में इस सरकार(केंद्र सरकार) और रेल मंत्रालय द्वारा बहुत शोर मचाये जाने के बावजूद इस तरह की घटनाओं से कोई राहत नहीं मिली है। पहले बालासोर और अब आंध्र प्रदेश, केवल 5 महीने के अंतराल में भारत में दो रेल दुर्घटनाएँ हुईं। इस बीच बिहार के बक्सर में भी ट्रेन के पटरी से उतरने से कुछ यात्रियों की मौत हो गई... सरकार वंदे भारत का प्रचार करने में व्यस्त है लेकिन रेलवे की बुनियादी जरूरत बचाव और सुरक्षा को नजरअंदाज कर रही है।"
दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ज़मानत याचिका खारिज करने पर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने ED के खिलाफ काफी तीखी टिप्पणियाँ की थीं। उन्होंने बार-बार ये पूछा कि मनीष सिसोदिया के पास पैसा किस तहर से आया?... ED उसका कोई भी सबूत नहीं रख पाई लेकिन इतनी तीखी टिप्पणी करने के बाद भी सुप्रीम कोर्ट ने उसके विपरीत आदेश दिया है। हम सम्मानपूर्वक सुप्रीम कोर्ट के आदेश से सहमत नहीं हैं... आगे क्या कानूनी कार्रवाई हो सकती है उसपर निर्णय लिया जाएगा।"
बेहद दुखद घटना है। भारत सरकार ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। ये सरकार की संवेदनशीलता का पहला कदम है। रात को प्रधानमंत्री ने रेल मंत्री से भी इस संबंध में बात की थी...: आंध्र प्रदेश में हुई ट्रेन दुर्घटना पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, जबलपुर
अनुराग ठाकुर संवेदनशील मुद्दे पर इस तरह की बात कर रहे हैं। इसमें भी राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं, ये दुखद है: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, " मैं केरल में हुए बम ब्लास्ट की घटना की निंदा करता हूं लेकिन कुछ दिन पहले ही कांग्रेस हमास के आतंकवादी संगठन का समर्थन कर रहे थे, ऑनलाइन कार्यक्रम होता है हजारों लोग एकत्रित होते हैं और वहां की सरकार कार्रवाई नहीं करती है। राहुल गांधी से लेकर शशि थरूर तक या कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष ने उस चीज पर सवाल नहीं खड़े किए..सिर्फ चुपचाप समर्थन किया। इन आतंकी संगठनों का इस तरह से भारत में तकरीर करना और जहां तक राहुल गांधी का कुछ न बोलना ये साफ दिखाती है वो इनको समर्थन चुपचाप कर रही है। आखिर ये कौन लोग जो बाहर से यहां फसाद करवाना चाहते हैं?...... कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी इनका चुपचाप समर्थन कर रही है और इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।.."
कोच्चि: कलामासेरी विस्फोट में घायलों की मौजूदा स्थिति की जानकारी देते हुए केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया, "हमारे पास विभिन्न अस्पतालों में 17 लोग भर्ती हैं, उनमें से 12 ICU में हैं, 4 लोग गंभीर हैं, उनमें से 3 वेंटिलेटर पर हैं। हम हर संभव सहायता दे रहे हैं...पुलिस को कार्रवाई करने दें, वे सभी सवालों का जवाब देंगे..."
कलामासेरी में कन्वेंशन सेंटर में हुए विस्फोट के संबंध में तिरुवनंतपुरम में सचिवालय के मुख्यमंत्री सम्मेलन हॉल में केरल CM पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक जारी है। ज़मरा इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्जीबिशन सेंटर, कलामासेरी में कल हुए विस्फोट में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कतर में हिरासत में लिए गए 8 भारतीयों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "इस बात पर जोर दिया गया कि सरकार मामले को सर्वोच्च महत्व देती है। परिवारों की चिंताओं और दर्द को पूरी तरह से साझा करती है। सरकार उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास जारी रखेगी। इस संबंध में सरकार परिवारों के साथ निकटता से समन्वय बनाएगी।"
उत्तर प्रदेश: आगरा के दादर बाजार में प्याज की कीमतों में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। एक सब्जी विक्रेता ने बताया, "मंडी से ही प्याज 60-65 रुपए किलो मिल रहा है। लोग प्याज नहीं खरीद रहे। इसलिए हम प्याज नहीं ला रहे। बाजार में 1-2 दुकानों पर ही प्याज मिल रहा है, वो भी महंगा बेच रहे हैं।"
उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद में प्याज की कीमतों में अचानक तेजी देखी जा रही है। वीडियो दादर बाजार से है। एक व्यक्ति ने बताया, "प्याज पहले 30 रुपए किलो था और अब 80 रुपए किलो हो गया है।"
हरियाणा: सोनीपत के शांति विहार इलाके में एक घर में हुए धमाके पर सिविल लाइन थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया, ''इरफ़ान नाम के शख्स के घर पर कुछ विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। जिससे उसके एक कमरे का स्ट्र फटकर गिरा हुआ था, टेबल और प्लास्टिक की कुर्सी जली हुई थी... उसने पोटाश के साथ सल्फर मिलाकर रखा था... शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें आग लग गई और विस्फोट हो गया... उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज़ कर लिया गया है... उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा... एफएसएल और बम निरोधक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है..."
कल शुरू हुए एक संयुक्त अभियान में सेना और कुपवाड़ा पुलिस ने केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया है। सर्च ऑपरेशन जारी है: कश्मीर ज़ोन पुलिस
भुवनेश्वर: आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसे पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ विश्वजीत साहू ने कहा, "ट्रैक का बहाली का काम किया जा रहा है। लोगों को रेस्क्यू करने का काम कल रात 12 बजे तक पूरा हो गया था। 11 लोगों की मौत हुई है, 50 के आस-पास लोग घायल हुए हैं...रेलवे ट्रैक की बहाली का काम आज शाम 4 बजे तक पूरा होने की उम्मीद है।"
आंध्र प्रदेश ट्रेन दुर्घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 7 की पहचान हो गई है, शेष शवों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है: दीपिका, एसपी, विजयनगरम
आंध्र प्रदेश में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य विजयनगरम में जारी है।
केरल | कालामस्सेरी विस्फोट में एक और की मृत्यु हुई। मरने वालों की कुल संख्या 3 हो गई है। 12 वर्षीय लड़की को 29 अक्टूबर को एर्नाकुलम सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वह 95% जल गई थी और उसका इलाज वेंटिलेटर पर किया जा रहा था। आज 12.40 am बजे उसकी मृत्यु हो गई: डॉ. गणेश मोहन, चिकित्सा अधीक्षक, सरकारी मेडिकल कॉलेज एर्नाकुलम
दिल्ली: गीता कॉलोनी में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या की गई, जांच जारी। (29.10) रोहित मीणा (डीसीपी, शहादरा) ने कहा, "हमें करीब रात 8:27 बजे सूचना मिली और मौके पर पहुंचने के बाद हमारी टीम को एक शव बरामद हुआ। जिसकी उम्र 30 के आसपास लग रही है, प्रथम दृष्टया को देखकर लग रहा कि पहले यहां पर झगड़ा हुआ था फिर चोट की वजह से उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई। आगे की जांच जारी है।"
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया ट्वीट, "सभी घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया गया। अनुग्रह मुआवजा वितरण - मृत्यु के मामले में 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 2.5 लाख रुपये और मामूली चोटों के लिए 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"
भुवनेश्वर: आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसे पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ विश्वजीत साहू ने कहा, "12 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं...15 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है और 7 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गई हैं। हमने यात्रियों के लिए बस की व्यवस्था की है ताकि वे क्षेत्र में न फंसे।हमने पटरियों को आंशिक रूप से ठीक कर लिया है। जानकारी के अनुसार पीछे की ट्रेन सिग्नल से आगे निकल गई है और ये किस कारण से गई है ये जांच से पता चलेगा।"
अलमांडा और कंटाकापल्ले खंड के बीच ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए दिए जायेंगे: PMO
आंध्र प्रदेश: वाल्टेयर डिविजन रेलवे मैनेजर सौरभ प्रसाद ने कहा, "बीच की लाइन में हमारी दो पैसेंजर ट्रेनें चल रही थीं... पीछे की ट्रेन आई और सिग्नल से आगे निकल गई, जिसके परिणामस्वरूप तीन आगे की ट्रेन के और दो पीछे की ट्रेन के डिब्बे जो पटरी से उतर गए। डिब्बों में फंसे लोगों को बचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। NDRF, SDRF और हमारी टीम फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है।...6 से 8 लोगों की मौत हुई है और 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है। हम बहाली का काम भी कर रहे हैं।"
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने ट्वीट किया, "जून 2023 में दु:खद बालासोर ट्रेन दुर्घटना के कुछ ही महीनों बाद आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में हुई ट्रेन दुर्घटना से बहुत व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं, और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''
भुवनेश्वर: आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसे पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ विश्वजीत साहू ने कहा, "हम फिलहाल बचाव अभियान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं...हम घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचा रहे हैं। हमने हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं...।"
PM नरेंद्र मोदी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और अलामंदा और कंटकपल्ले सेक्शन के बीच दुर्भाग्यपूर्ण ट्रेन के संबंध में मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है: PMO
आंध्र प्रदेश ट्रेन दुर्घटना | बचाव अभियान चल रहा है, सभी को निकाल लिया गया है। टीमें तैनात कर दी गई हैं। PM मोदी ने हालात की समीक्षा की है। मैंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात की। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
विशाखापत्तनम से रायगड़ा जा रही एक यात्री ट्रेन विजयनगरम ज़िले में पटरी से उतर गई। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है: मंडल रेल प्रबंधक
मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने तत्काल राहत उपाय करने और विजयनगरम के निकटतम ज़िलों विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली से अधिक से अधिक एम्बुलेंस भेजने और अच्छी चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए आसपास के अस्पतालों में उचित व्यवस्था करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने पुलिस और राजस्व सहित अन्य विभागों के समन्वय के आदेश जारी किए हैं जिससे घायलों को शीघ्र चिकित्सा सेवाएं मिलें: आंध्र प्रदेश CMO
केरल CM पिनाराई विजयन ने कहा, ''कलामासेरी में हुआ विस्फोट बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल 41 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें से 27 लोग एर्नाकुलम मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं...4 लोगों को छुट्टी मिल गई है। 2 लोगों की मौत हो गई है और 5 की हालत गंभीर है। एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर के नेतृत्व में एक विशेष टीम घटना की जांच करेगी...जांच टीम में 20 सदस्य होंगे। कल सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है।''