लखनऊ: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पार्टी के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, यूपी के पूर्व प्रभारी गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत, उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और अन्य का नाम प्रचारकों की सूची में है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सचिन पायलट, हार्दिक पटेल, कन्हैया कुमार, धीरज गुर्जर और आरपीएन सिंह का नाम है। सूची में मध्य प्रदेश के नेताओं को स्टार प्रचारक में जगह नहीं दी गई है।
मध्य प्रदेश नेताओं को नहीं दी गई जगह
यूपी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, जीतू पटवारी जैसे नेताओं को स्टार प्रचारकों की सूची में जगह नहीं दी गई।
कौन-कौन है स्टार प्रचारकों में शामिल
कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अजय कुमार लल्लू, यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, आराधना मिश्रा मोना कांग्रेस विधानमंडल दल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, भूपेंद्र हुड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, आरपीएन सिंह, डिप्टी सीएम सचिन पायलट, प्रदीप जैन आदित्य पूर्व केंद्रीय मंत्री, यूपी सरकार में मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आचार्य प्रमोद कृष्णन, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, वर्षा गायकवाड, हार्दिक पटेल, फूलो देवी नेताम, सुप्रिया श्रीनेत, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, प्रणीति शिंदे, धीरज गुर्जर रोहित चौधरी और तौकीर आलम शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में होंगे चुनाव
यूपी में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं और मतों की गिनती 10 मार्च को होगी| यूपी में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा, जिसमें कुल 58 सीटों पर मतदान किया जाएगा| इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को होगा जिसमें राज्य की 55 सीटों पर वोटिंग होगी, तीसरे चरण में 20 फरवरी को 59 सीटों पर मतदान होगा, चौथे चरण में 23 फरवरी को 60 सीटों पर मतदान, पांचवें चरण में 27 फरवरी को 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 57 सीटों और सातवें फेज में 7 मार्च को 54 सीटों पर मतदान किया जाएगा|