नंदीग्राम : बीजेपी प्रत्याशी शुवेंदु अधिकारी ने हल्दिया में अपना नामांकन दाखिल किया। वे नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव की हॉट सीट नंदीग्राम से आज भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अब उनका सीधा मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से होगा।
दो दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यहां से अपना पर्चा भरा था। नामांकन भरने से पहले सुवेंदु अधिकारी ने सिंहवासिनी और जानकीनाथ मंदिर में पूजा की। इसके बाद हल्दिया में एक रैली को संबोधित किया, इस रैली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और स्मृति ईरानी ने भी जनसभाएं कीं| इससे पहले, हल्दिया में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा नेता शुवेंदु अधिकारी ने रोड शो किया।
हल्दिया में एक रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि,'' आने वाली 1 तारीख को बंगाल में कट मनी के खिलाफ निर्णय होगा। नंदीग्राम में दीदी ने कहा कि मैं यहां की लाठी खाई हूं। दीदी मैं 2006-2007 में भी नंदीग्राम आया था। आप किसके कंधे पर बैठी थीं? लाठी पहले कौन खाया? पहले लाठी खाने वाला शुवेंदु अधिकारी था|
हल्दिया में रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मैंने दीदी से पूछा कि किस बेटी को वोट देना है? जिन्होंने 80 साल की वृद्ध महिला की पिटाई की? जिन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या की? जिन्होंने सरस्वती पूजा और दुर्गा विसर्जन की अनुमति नहीं दी? या फिर उसे जो नंदीग्राम आकर चंडीपाठ करती हैं और कहती हैं कि खेला होबे? इसके अलावा स्मृति ईरानी ने कहा कि बोल रहा है नंदीग्राम, जय श्री राम।
नंदीग्राम में नामांकन से पहले सुवेंदु अधिकारी ने दो मंदिरों में पूजा-अर्चना की। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मुझे लोगों का आशीर्वाद मिलने की उम्मीद है। मुझे उम्मीद है कि लोग भाजपा का समर्थन करेंगे और बंगाल में विकास के लिए हमारी पार्टी को चुनेंगे। 2019 में भाजपा ने 18 लोकसभा सीटें जीती थीं और इस बार बड़े मार्जिन के साथ भाजपा अपना सरकार बनाएगी।