मुंबई: विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (भारतीय राष्ट्रीय विकासशील समावेशी गठबंधन) की बैठक के दूसरा दिन विपक्षी नेताओं द्वारा एक संयुक्त बयान जारी करने के साथ संपन्न हुआ जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव 'जहां तक संभव हो' मिलकर लड़ने की घोषणा की गई। 'इंडिया' ने आगे घोषणा की कि विभिन्न राज्यों में गठबंधन के 28 सदस्यों के बीच सीट-बंटवारे की व्यवस्था जल्द ही शुरू होगी और इसे Give-and-Take की सहयोगात्मक भावना से आगे बढ़ाया जाएगा।
आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने को लेकर INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्ल्युसिव एलायंस) के दलों का प्रस्ताव:-
हम, INDIA के सभी दल, जहां तक संभव हो सके, आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने का संकल्प लेते हैं। विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी और विचार-विमर्श की सहयोगात्मक भावना के साथ इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
हम, INDIA के सभी दल, जनता की समस्याओं एवं उनसे जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर देश के विभिन्न भागों में जल्द से जल्द सार्वजनिक सभाएं आयोजित करने का संकल्प लेते हैं।
हम, INDIA के सभी दल, विभिन्न भाषाओं में “जुड़ेगा भारत, जीतेगा INDIA” थीम के साथ अपने संचार और मीडिया रणनीतियों एवं अभियानों के समन्वय का संकल्प लेते हैं। जुड़ेगा भारत जीतेगा INDIA
यह भी पढ़ें: 'इंडिया' गठबंधन की 14 सदस्यीय 'कॉर्डिनेशन कमेटी' का गठन, सीट शेयरिंग का फॉर्मूला जल्द
एक 14 सदस्यीय समन्वय समिति भी बनाई गई है जिसमें वरिष्ठ नेता शरद पवार, केसी वेणुगोपाल, एमके स्टालिन, हेमंत सोरेन, अभिषेक बनर्जी, संजय राउत, तेजस्वी यादव सहित अन्य शामिल हैं। गठबंधन में कुल चार उप-समूह भी बने हैं, जिनमें से प्रत्येक की अलग-अलग जिम्मेदारियां हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नेताओं से ब्लॉक के साझा एजेंडे को तैयार करने के लिए बुलेट पॉइंट तैयार करने का आग्रह किया है।