दुबई: भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
भारत ने इससे पहले 2002 और 2013 में यह ट्रॉफी ??ीती थी। इस जीत के साथ भारत अब तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम बन गई है, जो किसी भी अन्य टीम से अधिक है।
रोहित शर्मा बने सफल कप्तान
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह भारत के ऐसे दूसरे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। इससे पहले उन्होंने 2024 में भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया था। उनसे पहले यह रिकॉर्ड सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी के नाम था, जिन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 252 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को भारत ने कप्तान रोहित शर्मा के 76 रनों की शानदार पारी और श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या व केएल राहुल की जुझारू पारियों की बदौलत 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर #INDvNZ, #ChampionsTrophy2025 और #RohitSharma जैसे ट्रेंड्स जमकर वायरल हो रहे हैं।