जयपुर: प्रवर्तन निदेशालय ने आज गुरुवार को विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को 27 अक्टूबर को तलब किया है|साथ ही प्रवर्तन निदेशालय ने आज गुरुवार को राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा के जयपुर स्थित आवास पर छापेमारी की।
वैभव गहलोत को ED के समन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "वैभव गहलोत का जहां तक मुझे अंदाज़ा है यह टैक्सी की एक कंपनी है... उसका मामला है। अब इस कंपनी में किसने किसको शेयर बेचे उसका जवाब कंपनी दे रही है। वे टारगेट तो मुझे कर रहे हैं... राजस्थान के अंदर उनका टारगेट है, हम कामयाब होकर दिखाएंगे। इन्होंने (BJP) आज जो किया उसका जवाब जनता देगी।"
प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा के जयपुर स्थित आवास पर छापेमारी और वैभव गहलोत को ईडी के समन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "हमारी एजेंसी जो है उनकी विश्वसनीयता होती है और वह रहेगी लेकिन आज उल्टा हो रहा है... डोटासरा जी के घर पर हमने कल दो घोषणाएं की इसके बाद आज ही दो जगहों पर छापे पड़ गए। आपने नोटिस नहीं दिया, कोई शिकायत नहीं और छापे पड़ गए..."
अशोक गहलोत ने कहा, "Plan ‘E’
भाजपा का प्लान A, B, C, D सब फेल होने के बाद अब प्लान ‘E’ ही शेष रह गया है। इसीलिए ED को चुनावी टिड्डी दल की तरह इस्तेमाल करके जिस भी राज्य में भाजपा की हार सुनिश्चित हो वहां जीतने वाले दलों की फसल खराब करने की कोशिश करने भेज देते हैं। कल राजस्थान की महिलाओं को 2 गारंटियां दी तो आज ED को भेज दिया। अभी तो 5 गारंटियां और देने जा रहे हैं, परसों तक ED वालों की संख्या कम ना पड़ जाए।