जयपुर : जयपुर के बीजेपी मुख्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई है। बैठक में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी मौजूद रही। कल से राजस्थान विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है|राजस्थान विधानसभा में बीजेपी ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का ऐलान किया है|
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों के साथ कल अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी।बता दें कि कल से राजस्थान विधानसभा का नया सत्र शुरू होने जा रहा है और अब इसके पहले ही दिन गहलोत सरकार को बहुमत परीक्षण की अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा।
राजस्थान BJP अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा, जिस तरीक से उन्होंने मशक्कत की है शायद वो विश्वास मत का प्रस्ताव रखें लेकिन हम भी पूरी तरह से तैयार हैं अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए। ये सरकार हो सकता है कल सिर गिना दे लेकिन मुझे लगता है जनता की नजर में इस सरकार का जनमत गिर चुका है|
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कहा, हो सकता है कि ये सरकार स्वंय अपनी तरफ से विश्वास मत के लिए प्रस्ताव लेकर आए। वो अपना काम करेंगे लेकिन हम कल ही उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी साथ का साथ भाजपा और उनके सहयोगी दल के रूप में रखेंगे|
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि राजस्थान में कल से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र से पूर्व आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई विधायक दल की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश के मौजूदा हालातों पर चर्चा की तथा सत्र की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंधिया ने कहा कि कुछ लोग भाजपा में फूट की खबरें फैला रहे हैं। उन्हें बता दूं कि भाजपा एक परिवार है, जिसको आगे बढ़ाने के लिए हम सभी एकजुट हैं, संकल्पित हैं। राजमाता जी ने मुझे सिखाया था कि जिस पार्टी की मैं कार्यकर्ता हूं उसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और मैं उन्हीं के कदमों पर आगे बढ़ रही हूं। हमारी भाजपा सरकार ने पूर्ण एकजुटता के साथ 10 वर्षों तक राजस्थान की सेवा की तथा प्रदेश को विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचाया। लेकिन कांग्रेस सरकार ने हमारी योजनाओं का नाम बदलने के अलावा कोई काम नहीं किया, जिसके चलते राज्य में अधिकतर विकास कार्य लंबित पड़े हैं।