जयपुर: Udaipur Murder Case: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 28 जून को उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या के बाद राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने टेलर कन्हैयालाल की हत्या करने के आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले 5 पुलिसकर्मियों को को विशेष तोहफा दिया है| मुख्यमंत्री ने उदयपुर की घटना में शामिल आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी करने वाले पांच पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्म प्रमोशन देने का फैसला किया है।
गृह मंत्रालय और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,'उदयपुर की घटना पर आज उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि घटना प्रथम दृष्टया आतंक फैलाने के उद्देश्य से की गई है। दोनों आरोपियों के दूसरे देशों में भी संपर्क होने की जानकारी सामने आई है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,'इस घटना में मुकदमा UAPA के तहत दर्ज किया गया है इसलिए अब आगे की जांच NIA द्वारा की जाएगी जिसमें राजस्थान ATS पूर्ण सहयोग करेगी। पुलिस एवं प्रशासन पूरे राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें एवं उपद्रव करने के प्रयासों पर सख्ती से कार्रवाई करें। वर्तमान हालात को देखते हुए पुन: अपील करता हूं कि सभी पक्ष शांति बनाए रखें।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा,''उदयपुर की घटना में शामिल आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी करने वाले पांच पुलिसकर्मियों तेजपाल, नरेन्द्र, शौकत, विकास एवं गौतम को आउट ऑफ टर्म प्रमोशन देने का फैसला किया है।