कानपुर: कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में आग लगने से 3 लोगों की मृत्यु हो गई। CFO दीपक शर्मा ने कहा, "आग तकरीबन सुबह 4 बजे के आसपास लगी थी, आग की तीव्रता ज़्यादा थी। 5 लोगों को बचाया गया था जिनमें से 3 की इलाज के दौरान मृत्यु हुई है।"
फजलगंज थाना क्षेत्र में साइकिल की गद्दी व पैडल बनाने वाली एसके इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में आज तड़के करीब 4 बजे शार्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। अग्निकांड में फैक्टरी से पांच लोगों को सकुशल निकाला और छह लोग घायल हुए हैं। तीन लोगो की मृत्यु हो गई है। दो लोगों का इलाज जारी है और एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
मृतकों में जयप्रकाश सिंह (50) पुत्र राजेंद्र सिंह परिहार निवासी जनपद उन्नाव, नरेंद्र (40) उर्फ दिन्नू सैनी पुत्र स्व. श्री महावीर सैनी निवासी थाना सचेंडी कानपुर नगर और प्रदीप (28) उर्फ राजू पुत्र राम कुमार गौतम निवासी छतरपुर थाना, शिवराजपुर कानपुर नगर शामिल हैं।