कानपुर: कानपुर जिले में घाटमपुर तहसील के थानाक्षेत्र साढ़ के एक गांव में कोचिंग जा रही छात्रा के साथ कुछ युवकों ने अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़ित छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है| जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
साढ़ के एक गांव निवासी छात्रा साइकिल से कोचिंग जा रही थी। रास्ते में गांव के देवेंद्र और उसके तीन साथियों ने छात्रा को रोककर उसे साइकिल से गिरा दिया। इसके बाद पास के खेत में खींच ले गया। छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश की| शोर मचाने पर चारों आरोपी उसे खेत में छोड़कर भाग गए।
इसके बाद छात्रा ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर गांव के देवेंद्र सिंह, अंकित सिंह, रमन सिंह और एक नाबालिग के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
घाटमपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) दिनेश कुमार गुप्ता ने सोमवार को बताया कि थाना साढ़ के अंतर्गत एक छात्रा ट्यूशन पढ़ने जा रही थी इसी दौरान उसी के गांव के रहने वाले देवेंद्र और कुछ साथियों ने अपहरण का प्रयास किया। सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है|