-लखनऊ कानपुर के बीच बन रहे एलीवेटेड हाइवे के चलते है ट्रैफिक लोड
-पुलिस आयुक्त लखनऊ के अवगत कराने पर कानपुर पुलिस आयुक्त ने दिये निर्देश
- पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी ट्रैफिक ने ली तीनों जनपद के अधिकारियों की बैठक
-बैठक में कानपुर नगर, देहात, फतेहपुर और उन्नाव के अधिकारी शामिल
-ट्रैफिक लोड होने के दृष्टिगत डायवर्जन प्लान पर हुई गहन विमर्श
-चारों जनपदों में यातायात व्यवस्था को बनाने के लिये नोडल अधिकारी बनाए
कानपुर: शहर से प्रदेश की राजधानी तक के सफर को सुगम व सरल करने के लिये लखनऊ कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीएनसी द्वारा एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण यातायात में अत्यधिक दबाव तथा जाम की स्थिति बनी रहती है। इस प्रकार की समस्या से पुलिस आयुक्त लखनऊ ने कानपुर पुलिस आयुक्त को अवगत कराया। इसके समाधान के लिये पुलिस आयुक्त डॉ. आर. के. स्वर्णकार के निर्देशन पर ने पुलिस उपायुक्त यातायात रवीना त्यागी ने जनपद कानपुर देहात, उन्नाव, फतेहपुर जनपद के यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके गहन विचार विमर्श किया गया।
दरअसल लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पी०एन०सी० द्वारा किये जा रहे एलिवेटेड रोड के निर्माण के कारण वर्तमान समय में मार्ग काफी संकरा हो गया है जिसके फलस्वरूप प्रतिदिन रात्रि में यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है एवं जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इन परिस्थितियों में किसी ट्रक या भारी वाहन के मार्ग पर खराब हो जाने तथा निर्माण कार्य के दौरान किसी एम्बुलेंस अथवा अत्यंत आकस्मिक वाहन के फंस जाने के कारण कोई भी गम्भीर घटना घटित हो सकती है। इन परिस्थितियों में उनके द्वारा कानपुर नगर से लखनऊ होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर व अन्य जनपदों को जाने वाले भारी वाहनों को कानपुर नगर से फतेहपुर, लालगंज कस्बे से गुरुबक्शगंज, बछरांवा, शिवगढ़ होते हुए हैदरगढ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर व जनपदों को भेजे जाने हेतु सम्बंधित जनपदों के सहयोग से डायवर्जन कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
यह प्रस्तावित डायवर्जन
जनपद हमीरपुर एवं जनपद कानपुर देहात के भोगनीपुर की ओर से आकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले वाहनों को नौबस्ता, कानपुर नगर की ओर न आने देकर घाटमपुर चौराहा से डायवर्ट करते हुए चौडगरा की ओर भेजे जाने के अतिरिक्त रामादेवी फ्लाईओवर से उन्नाव-लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भी रामादेवी से डायवर्ट करते हुए चौडगरा की ओर भेजा जायेगा जहां से होकर सभी वाहन अपने-अपने गन्तव्य को जा सकेंगे। इस डायवर्जन के दौरान भोगनीपुर एवं चौडगरा में सम्बंधित मार्गों पर आपसी सामंजस्य स्थापित कर सुदृढ़ पुलिस / यातायात व्यवस्था कराये जाने हेतु पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात द्वारा प्रिया सिंह, क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा को तथा पुलिस अधीक्षक फतेहपुर द्वारा सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी बिन्दकी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जनपद उन्नाव से क्षेत्राधिकारी उन्नाव सिटी आशुतोष कुमार को और कानपुर नगर में किसी भी प्रकार की यातायात अव्यवस्था से बचाने के दृष्टिगत समुचित यातायात प्रबन्धन कराते हुए सम्बंधित मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की डियूटी लगवाने एवं सुदृढ़ पुलिस / यातायात व्यवस्था बनाये रखने हेतु कानपुर नगर से धनन्जय सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जो सम्पूर्ण डायवर्जन के दौरान किसी भी मार्ग पर आवश्यकतानुसार जनपद फतेहपुर, कानपुर देहात एवं उन्नाव से नामित राजपत्रित नोडल अधिकारी से सामंजस्य स्थापित कर सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे।
डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौजूद एसीपी यातायात कानपुर नगर धनन्जय सिंह, कानपुर देहात से क्षेत्राधिकारी सिकंदरा / यातायात प्रिया सिंह, जनपद उन्नाव से क्षेत्राधिकारी उन्नाव सिटी आशुतोष कुमार, जनपद फतेहपुर से क्षेत्राधिकारी बिन्दकी सुशील कुमार, यातायात निरीक्षक मौजूद रहे।