हुबली:कर्नाटक चुनाव 2023 : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता जगदीश शेट्टार 19 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस नेता जगदीश शेट्टार ने कहा, “ 19 तारीख को मैं अपना नामांकन दाखिल करने जा रहा हूं, नामांकन में लगभग सभी कांग्रेसी नेता और हमारे समर्थक शामिल होंगे|
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार आज ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, केसी वेणूगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। कर्नाटक चुनाव 2023 के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने जगदीश शेट्टार को 'बी' फॉर्म दिया।
इससे पहले, भाजपा से इस्तीफा देने के बाद कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सावदी गुरुवार 13 अप्रैल, 2023 को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने कहा, "मेरा बीजेपी के साथ हो गया| मेरे मरने के बाद भी मेरे शव को बीजेपी ऑफिस के सामने से नहीं लेकर जाया जाए|"
कांग्रेस में शामिल होने के बाद लक्ष्मण सावदी ने कहा, “पार्टी (भाजपा) अपने सिद्धांतों का पालन नहीं कर रही है| वहां केवल सत्ता की राजनीति है पुरानी भाजपा कहीं नहीं दिखती है, वे किसी भी कीमत पर सत्ता में रहना चाहते हैं।” सावदी ने कहा, “हमें कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना है।”
आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए नामांकन 13 अप्रैल से शुरू हुआ है, जो 20 अप्रैल तक चलेगी। कर्नाटक में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा। वोटों की गिनती 13 मई को होगी।