बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, केसी वेणूगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। कर्नाटक चुनाव 2023 के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने जगदीश शेट्टार को 'बी' फॉर्म दिया। जगदीश शेट्टार ने कल यानी 16 अप्रैल, 2023 को ही भाजपा से अपना इस्तीफा दिया था।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद जगदीश शेट्टार ने कहा कि, "कल मैंने भाजपा से अपना इस्तीफा दिया और आज मैं कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहा हूं। एक विपक्षी नेता के रूप में कई लोग हैरान हैं, पूर्व CM और पार्टी अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
शेट्टार ने कहा कि, "भाजपा ने मुझे हर पद दिया है और पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते मैंने हमेशा पार्टी के विकास के लिए काम किया है| मैंने सोचा था कि एक वरिष्ठ नेता होने के नाते मुझे टिकट मिल जाएगा लेकिन जब मुझे पता चला कि मुझे टिकट नहीं मिल रहा है तो मैं चौंक गया। किसी ने मुझसे बात नहीं की, किसी ने मुझे इसका आश्वासन भी नहीं दिया कि आगे मुझे क्या पद मिलेगा|
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार का कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, "इससे शक्ति भी मिलेगी और एकजुटता भी होगी और यह दर्शता है कि जो वातावरण कर्नाटक में बन रहा है इससे सब लोग खुश हैं और सभी नेता हमसे जुड़ रहे हैं। यह लिंगायत का सवाल नहीं लोग हमारे कार्यक्रम देखकर जुड़ रहे हैं|
इससे पहले, भाजपा से इस्तीफा देने के बाद कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सावदी गुरुवार 13 अप्रैल, 2023 को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने कहा, "मेरा बीजेपी के साथ हो गया| मेरे मरने के बाद भी मेरे शव को बीजेपी ऑफिस के सामने से नहीं लेकर जाया जाए|"
कांग्रेस में शामिल होने के बाद लक्ष्मण सावदी ने कहा, “पार्टी (भाजपा) अपने सिद्धांतों का पालन नहीं कर रही है| वहां केवल सत्ता की राजनीति है पुरानी भाजपा कहीं नहीं दिखती है, वे किसी भी कीमत पर सत्ता में रहना चाहते हैं।” सावदी ने कहा, “हमें कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना है।”