कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के कौशांबी में भी दिल्ली जैसी घटना सामने आई है। यहां साइकिल से कंप्यूटर क्लास जा रही छात्रा को कार ने टक्कर मारी और 200 मीटर तक उसे घसीटा| हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रविवार एक जनवरी की मंझनपुर थाना क्षेत्र की है। मंगलवार 3 जनवरी को मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक रामनरेश के खिलाफ केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
मंझनपुर थाना क्षेत्र के देवखरपुर गांव की रहने वाली कौशल्या देवी नाम की छात्रा मंझनपुर के एक निजी कंप्यूटर सेंटर में पढती है। वह रोज की तरह 1 जनवरी की दोपहर क्लास करने मंझनपुर साइकिल से जा रही थी। जब वह बाजापुर पुल के पास पहुंची, तभी पीछे से आए कार सवार राम नरेश निवासी तुलसीपुर ने छात्रा की साइकिल में टक्कर मार कर 200 मीटर तक छात्रा को घिसटती चली गई। इसी बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्डे में गिर गई। जिससे छात्रा की जान बच गई लेकिन हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। कार सवार लोग मौके से कार छोड़ कर फरार हो गए।
मंझनपुर पुलिस के मुताबिक,''1 जनवरी को बाजापुर पुल के पास साइकिल से कोचिंग जा रही एक छात्रा को एक कार ने पीछे से टक्कर मारी और करीब 200 मीटर तक घसीटा। फिर गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। आरोपी चालक रामनरेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है|
कौशाम्बी के ASP ने बताया ,''मांझनपुर में एक कार से साइकिल सवार छात्रा का एक्सिडेंट हुआ है जिसमें दोनों को चोट आई। छात्रा की स्थिति सामान्य है। कार चालक को गिरफ्तार कर उसका इलाज कराया जा रहा है। FIR में 200 मीटर घसीटने की बात कही गई है वैसा कुछ नहीं है लड़की का जहां एक्सिडेंट हुआ वो वहीं गिर गई|