नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) का आज (जनवरी 04, 2023) 110वां दिन है। यात्रा 10 राज्यों के 47 जिलों से गुजरते हुए अबतक 3,000 किमी से अधिक की दूरी तय कर चुकी है। राहुल गांधी ने आज सुबह छह बजे उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित मवीकलां से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरुआत की। ठिठुरन भरी कड़ाके की सर्दी के बीच रवाना हुई यात्रा में राहुल गांधी फिर एक सफेद टी-शर्ट पहन कर निकले।
श्री राम जन्मभूमि श्री अयोध्या जी के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येंद्र दास जी महाराज ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दी हैं। राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास जी महाराज ने श्री गांधी को भेजे एक पत्र में राहुल की 'भारत जोड़ो यात्रा' के माध्यम से देश को एकजुट करने के कदम के लिए अपना समर्थन दिया|
आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि मैं आशा करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि जिस मिशन के लिए आप लड़ रहे हैं, वह सफल हो, मैं आपको आपके लंबे जीवन का आशीर्वाद देता हूं| राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी ने कहा कि आप लोगों के हित में और लोगों की खुशी के लिए 'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' के लिए काम कर रहे हैं, मैं भगवान राम की कृपा आप पर हमेशा बनाए रखना चाहता हूं|
श्री आचार्य सत्येंद्र दास जी ने श्री गांधी को भेजे पत्र में लिखा कि- राहुल गांधी जी शुभ आर्शीवाद, जय सियाराम| उन्होंने लिखा,''मेरी शुभ कामनाएँ है कि आप की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मंगलमय हो । आप का जो देश जाड़ने की यात्रा है वह पूर्ण हो, जो लक्ष्य आप लेकर चल रहे हैं उसमें आपको सफलता मिले। आप स्वस्थ रहे,दीर्घायु रहे ।
देश के हित है में जो भी कार्य कर रहे है वह वस्तुत, 'सर्व जन हिताय सर्व जन सुखाय' है | इसी मंगल कामना के साथ साथ शुभ-शुभ आर्शीवाद । आप पर प्रभु रामलला की कृपा बनी रहे।