दक्षिण 24 परगना: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने में ज्यादा समय नहीं बचा है। बंगाल विधानसभा चुनाव के एलान से पहले ही सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा के बीच जुबानी जंग छिड़ चुकी है| इसी कड़ी में गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे।दक्षिण 24 परगना में गृह मंत्री अमित शाह ने नामखाना से 5वीं परिवर्तन यात्रा को झंडा दिखाकर रवाना किया।
दक्षिण 24 परगना के इंदिरा मैदान से पांचवी परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की लड़ाई बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने की लड़ाई है और ये हमारे बूथ के कार्यकर्ता और तृणमूल कांग्रेस के सिंडिकेट के बीच की लड़ाई है। ये सिंडिकेट वाले आप तक आपका फायदा नहीं पहुंचने देते हैं|
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि,''बंगाल में हुई राजनीतिक हिंसा में भाजपा के 130 से ज़्यादा कार्यकर्ता मारे गए। ममता दीदी तृणमूल के गुंडों ने हमारे 130 कार्यकर्ताओं को मार डाला है उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। बंगाल की धरती पर ताकत के साथ कमल खिलने वाला है|जो गुंडे ममता दीदी की शह पर आज छिपकर बैठे हैं, उनको मैं कहना चाहता हूं कि जहां छिपना है छिप जाओ। भाजपा की सरकार बनने के बाद पाताल में से भी ढूंढकर आपको जेल में डालेंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि,'' आपने ऊपर नरेंद्र मोदी की सरकार बनाई, एक बड़े इंजन को बंगाल के विकास के लिए दिल्ली में बैठाया, मगर यहां की सरकार उस इंजन को काम नहीं करने देती है|हम इस क्षेत्र में मछुआरों के कल्याण के लिए ढेर सारी योजनाएं लाने वाले हैं। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद किसान सम्मान निधि की तर्ज पर भाजपा क़रीब चार लाख मछुआरों को 6,000 रुपये की मछुआरा सम्मान निधि देगी|
शाह ने कहा कि,अम्फान के बाद मोदी जी ने जो पैसा भेजा उसे तृणमूल कांग्रेस के गुंडे खा गए। भाजपा की सरकार बनने के साथ अम्फान में जो भ्रष्टाचार हुआ है उसके लिए उच्चस्तरीय जांच करके आपका पैसा खाने वाले सब लोगों को जेल भेजेंगे: दक्षिण 24 परगना में गृह मंत्री