कुशीनगर: कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के माघी मठिया नहर पुल के पास गुरुवार रात पुलिस मुठभेड़ में अन्तर्राज्यीय पंखिया गैंग के तीन गिरोह के तीन सदस्य घायल हो गए है। मुठभेड़ में घायल तीनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने गैंग के एक अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.26 लाख रुपये, 12 लाख से अधिक के आभूषण, चार तमंचे और चोरी में प्रयुक्त एक स्काॅर्पियो व भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं
पुलिस के मुताबिक,'' वाहनों की चेकिंग के दौरान एक स्काॅर्पियो में सवार कुछ लोगों को आते देख रोकने की कोशिश की गई तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकद्दर अली, जाफर अली और जाहिद अली को गोली लगी, तीनों घायल हो गए। ये तीनों बदमाश बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गढि़या पैगंबर गांव के निवासी हैं। इनके बताने पर गैंग के एक अन्य सदस्य समीदुल अली को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के मुनता नगला गांव का निवासी है।
कुशीनगर SP धवल कुमार जयसवाल ने बताया, "थाना रामकोला पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी की कुछ संदिग्ध लोग वहां देखे गए है। पुलिस ने चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया था। माघी मठिया पुल के सामने पुलिस को एक गाड़ी दिखी जिसे रोकने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में आरोपियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा जवाबी फायरिंग की गई। इनके पास से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, चोरी के विभिन्न औजार, 1 लाख 26 हजार नकद और 12 लाख से अधिक मूल्य के गहने बरामद हुए हैं। तमंचे, कारतूस, मोबाइल सहित और भी सामान बरामद किया गया है। अग्रीम कार्रवाई जारी है।"