लखनऊ: UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों (UP Assembly Election 2022) की घोषणा के बाद से बीजेपी को लगातार झटके पर झटके लगते जा रहे हैं| योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद मंगलवार को 3 और भी विधायकों ने बीजेपी छोड़ दी है| इनमें बांदा (Banda) जिले की तिंदवारी विधानसभा से विधायक ब्रजेश प्रजापति, शाहजहांपुर की तिलहर सीट से विधायक रोशनलाल वर्मा और कानपुर के बिल्हौर से विधायक भगवती सागर शामिल हैं|
अब चर्चा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा मंत्री धर्म सिंह सैनी समेत 4 और MLA सपा जॉइन कर सकते हैं। पटियाली कासगंज के विधायक ममितेश शाक्य, औरैया बिधुना से विधायक विनय शाक्य और बदायूं शेखूपुर से धर्मेंद्र शाक्य और विधायक नीरज मौर्य भी सपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य ने कहा कि अभी हम कहीं नहीं जा रहे हैं।
बाइस में सबके मेल मिलाप से सकारात्मक राजनीति का 'मेला होबे'
भाजपा खेमे में मची भगदड़ पर अखिलेश यादव ने कहा कि बाइस में सबके मेल मिलाप से सकारात्मक राजनीति का 'मेला होबे'। भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि,''इस बार सभी शोषितों, वंचितों, उत्पीड़ितों, उपेक्षितों का ‘मेल’ होगा और भाजपा की बाँटने व अपमान करनेवाली राजनीति के ख़िलाफ़ सपा की सबको सम्मान देनेवाली राजनीति का इंक़लाब होगा। बाइस में सबके मेल मिलाप से सकारात्मक राजनीति का ‘मेला होबे’! भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी!
नाराज नेताओं को मनाने में जुटी बीजेपी
उत्तर प्रदेश में चुनावों से पहले पार्टी को मिले झटकों से बीजेपी आलाकमान हलकान है| अब प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को पार्टी से नाराज चल रहे नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी दी गई है| यूपी बीजेपी के दोनों बड़े नेता पार्टी से से रूठे नेताओं को बुलाकर उनकी मांगों और शिकायतों को सुनेंगे|
स्वतंत्र देव सिंह को तोहफे में भेजा ताला, 10 मार्च के बाद भाजपा दफ्तर पर ताला लगा घर लौट जाइएगा
वहीं, इसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व मंत्री आईपी सिंह ने बीजेपी पर तंज कसा है| ट्विटर के जरिए सपा नेता ने कहा है, ''ओमप्रकाश राजभर जी, जयंत चौधरी जी, राजमाता कृष्णा पटेल जी,संजय चौहान जी और अब स्वामीप्रसाद मौर्य जी जी समाजवादी पार्टी के साथ हैं. मैंने BJP मुख्यालय पर स्वतंत्र देव सिंह जी को एक ताला तोहफे के रूप में भेज दिया है, 10 मार्च के बाद लगा घर लौट जाइएगा| लहर नहीं, अब सपा की आँधी चल रही है|
केशव बोले- जल्दबाजी के फैसले अक्सर गलत होते हैं
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने स्वामी प्रसाद के इस्तीफे को जल्दबाजी में लिया गया फैसला करार दिया है। उन्होंने लिखा,' आदरणीय स्वामी प्रसाद मौर्य जी ने किन कारणों से इस्तीफा दिया है मैं नहीं जानता हूं उनसे अपील है कि बैठकर बात करें। जल्दबाजी में लिए हुए फैसले अक्सर गलत साबित होते हैं।'
मौर्य ने इस्तीफे की वजह ये बताई
बीजेपी नेता और यूपी सरकार में मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफा देकर अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है| मौर्य ने अपने इस्तीफे में लिखा, ''माननीय राज्यपाल जी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मंत्रिमंडल में श्रम एवं सेवायोजन व समन्वय मंत्री के रूप में विपरीत परिस्थितियों व विचारधारा में रहकर भी बहुत ही मनोयोग के साथ उत्तरदायित्व का निर्वहन किया है। किंतु दलितों, पिछड़ों, किसानों बेरोजगार नौजवानों एवं छोटे- लघु एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की घोर उपेक्षात्मक रवैये के कारण उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल से मैं इस्तीफा देता हूं।''
बसपा के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति आस्था जताते हुए आज गोण्डा के बसपा के दर्जन भर से ज्यादा नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। आज करनैलगंज गोण्डा में बसपा के प्रभारी रहे अनिल कुमार मिश्र के साथ पंकज तिवारी बाबा विहिप, सुल्तानपुर के कई नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए है। इनके अतिरिक्त सत्यम मिश्रा, गोविन्द मिश्रा सहित तमाम समर्थको ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। मिर्जापुर जनपद से सर्वश्री राणा प्रताप सिंह, विजय सिंह, दयाराम सिंह एवं वीरेन्द्र प्रताप ने बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया।