लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का शव मिला। लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्रान्तर्गत रविवार को 23 वर्षीय युवती का शव मिला है। घटनास्थल पर कई शराब की बोतलें बरामद की गई हैं तथा मृतक युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका बताई जा रही है। युवती की पीठ, गले, हाथ और पेट पर आधा दर्जन से अधिक चाकू से वार किए। युवती के हाथ और पैर में रस्सी से बांधे जाने के निशान थे।
डीसीपी मध्य ने बताया, "22-23 साल की युवती का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। मामले में जांच जारी है।"
बताया जा रहा है,''सरोजनीनगर में दुष्कर्म के बाद बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा (23) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारों ने उसका शव पिपरसंड रोड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के पास जंगल में फेंक दिया। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। गले में दुपट्टा पड़ा था। घटना स्थल के पास से शराब और पानी की बोतलें, दो ग्लास, एक रस्सी और सिगरेट-पान मसाला के पैकेट बरामद किए हैं।
खबरों के मुताबिक हत्यारों ने युवती की पीठ, गले, हाथ और पेट पर आधा दर्जन से अधिक चाकू से वार किए। उसके हाथ की नस भी काटी। गला दुपट्टे से कसा हुआ था। अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले हत्यारों ने गला कसकर मारा, फिर चाकू से गोद डाला।युवती के जूते शव से करीब 50 मीटर दूर पड़े थे।
छात्रा मूल रूप से सीतापुर जिले के खैराबाद क्षेत्र की रहने वाली है। यहां पिता के साथ नादरगंज स्कूटर इंडिया के पास किराए के मकान में रहती थी। युवती के परिजनों ने मकान मालिक की पत्नी और एक चप्पल फैक्टरी में काम करने वाले युवक पर हत्या की आशंका जताई है। दोनों से कुछ समय पहले युवती का झगड़ा हुआ था। उसके पिता सिक्योरिटी गार्ड हैं। युवती गौरी स्थित एक ज्वैलरी शॉप में नौकरी करती थी। वह शनिवार रात करीब आठ बजे घर से निकली थी। घटना के बाद से छात्रा का फोन भी गुम है।
शव मिलने की सूचना पर डीसीपी मध्य सोमेन वर्मा, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, सरोजनीनगर पुलिस पहुंची। वहीं, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की और हत्यारों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर ने बताया कि पिपरसंड गांव के ग्राम प्रधान राम नरेश पाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती के शरीर पर काले रंग की जींस, नीली टी-शर्ट थी। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शव औंधे मुंह पड़ा था। इस मामले पुलिस ने सर्विलांस और क्राइम ब्रांच समेत चार टीमें बनाई हैं।