लखनऊ: उत्तर प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर शहर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव लड़ने पर चुटकी ली है और तंज कसा कि उनकी पार्टी ने चुनाव नतीजों के ऐलान से पहले ही उन्हें गोरखपुर भेज दिया है| उन्होंने कहा कि अब योगी वहीं रहें, वहां से आने की ज़रूरत नहीं है|
गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ के लड़े जाने के सवाल पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि,''जनता के भेजने से पहले भाजपा ने उनको (योगी आदित्यनाथ) घर भेज दिया। हम लोग बहुत सोच समझकर और विचार करके वहां (गोरखपुर) प्रत्याशी बनाएंगे|
तंज कसते हुए यादव ने कहा कि,''कभी कहते थे मथुरा से लड़ेंगे, कभी अयोध्या से तो कभी प्रयागराज से लड़ने की बात करते थे। मुझे इस बात की खुशी है कि BJP ने उन्हें (योगी आदित्यनाथ) अपने घर भेज दिया। अब मुझे लगता है कि गोरखपुर में ही उन्हें रहना पड़ेगा अब वहां से वापस आने की ज़रूरत नहीं है|मैं बीजेपी का शुक्रगुजार हूं। उन्होंने (BJP) उन्हें पहले घर भेज दिया है|
अखिलेश यादव ने कहा कि,'''मैं बीजेपी को बता दूं कि मैं अब किसी बीजेपी विधायक, मंत्री को नहीं लूंगा (सपा में शामिल नहीं करूंगा)। वे चाहें तो (अपने नेताओं को) टिकट देने से इनकार कर सकते हैं|
कोविड प्रोटोकॉल तोड़ने के आरोपों पर उन्होंने कहा, "मैं सबसे अपील करता हूं की सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें| सभी चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पालन करें| मैं सभी कार्यकर्ताओं को कह रहा हूं कि टिकट के लिए लखनऊ न आएं|