लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में गुरुवार को मुरादाबाद में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट को लेकर एफआईआर दर्ज हो गई है| मुरादाबाद में 11 मार्च को पत्रकारों पर कथित रूप से मारपीट को लेकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव के खिलाफ एक मामले की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है| इस केस में अखिलेश यादव के साथ 20 अन्य सपा कार्यकर्ताओं को भी नामजद किया गया है|
एफआईआर आईपीसी की धारा 147 (दंगा), 342 ( (wrongful confinement), और 323 (चोट पहुंचाने) के तहत दर्ज की गई है। अवधेश पाराशर की शिकायत पर केस दर्ज हुआ है|
शिकायतकर्ता अवधेश पाराशर ने कहा,''एक संवाददाता सम्मेलन (11 मार्च को) के दौरान, पत्रकारों ने आज़म खान के संबंध में कुछ सवाल पूछे, जिस पर अखिलेश यादव भड़क गए और कहा कि पत्रकारों को चोट लग सकती है। जिसके बाद, उनके सुरक्षा गार्ड और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों पर हमला किया|
पूर्व मुख्यमंत्री और 20 अन्य सपा कार्यकर्ताओं पर तीन धाराओं 147 342 और 323 के तहत केस दर्ज किया गया है| इस बीच, सपा के जिलाध्यक्ष जय वीर सिंह यादव ने भी पत्रकारों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है| सपा जिला अध्यक्ष ने अपनी शिकायत में दो मीडिया वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है| उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को पत्रकार बताने वाले दो व्यक्तियों ने पूर्व मुख्यमंत्री का सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जब उन्हें सुरक्षा गार्डों ने रोका तो उनके साथ मारपीट की गई|