लखनऊ: बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने आज शाम को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्थित 'समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जॉइंट प्रेस कांफ्रेंस में नीतीश कुमार ने कहा कि,''अधिक से अधिक पार्टियों के साथ बात हो रही है। हमने तय किया है कि ज्यादा से ज्यादा पार्टियों को देश में हम एकजुट करें और मिलकर सब काम करें ताकि देश आगे बढ़े और भाजपा से देश को मुक्ति मिले। हम सब एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे|
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि,'' सबके एकजुट होने के बाद विपक्ष का नेता चुना जाएगा। मुझे नहीं बनना (प्रधानमंत्री) है मैं बस सबको एकजुट कर रहा हूं, अपने लिए मुझे कुछ नहीं चाहिए| दरअसल, जब नीतीश कुमार से पूछा गया कि विपक्ष का नेता कौन होगा,,, तो उन्हने कहा,''सबके एकजुट होने के बाद विपक्ष का नेता चुना जाएगा।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि,'' बीजेपी लगातार देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को खत्म करने की कोशिश कर रही है. देश को बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी से बचाने के लिए हम सभी साथ हैं। हम सभी चाहते हैं कि बीजेपी सरकार बाहर हो ताकि देश को बचाया जा सके|
लोकतंत्र और लोकहित में सब एकमत: तेजस्वी
बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया कि,'' लोकतंत्र और लोकहित में सब एकमत|''
इससे पहले , आज सोमवार को बिहार के सीएम और जद(यू) नेता नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी नेता ममता बनर्जी से मुलाकात की थी।