लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व एवं समाजवादी पार्टी की नीतियों पर आस्था जताते हुए गौतमबुद्धनगर के बसपा कोआर्डिनेटर मनोज कुमार गौतम ने अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी लोगों ने सन्2022 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
बसपा के पूर्व प्रत्याशी लोकसभा गौतमबुद्धनगर मनोज कुमार गौतम के साथ रंजीत सिंह पूर्व सदस्य एससी-एसटी आयोग भारत सरकार, अलीगढ़-आगरा मण्डल BSP कोआर्डिनेटर दिवाकर गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष बुलन्दशहर गुरदीप सिंह, पूर्व जिला महासचिव बुलन्दशहर गुफरान कुरैशी इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव साजिद सैफी भी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
अखिलेश यादव की उपस्थिति में आज जनपद फिरोजाबाद के आधे दर्जन से अधिक प्रमुख नेता बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। आज समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में BSP केराकेश बाबू एडवोकेट पूर्व विधायक टूण्डला, प्रमोद कुमार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फिरोजाबाद है। इनके अतिरिक्त टूण्डला के ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुजीत बाल्मीकि, पूर्व सांसद रघुनाथ वर्मा के दोहते अश्विनी वर्मा, भीकनपुर के रवीन्द्र लोधी एडवोकेट एवं राधेश्याम कश्यप तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष टूण्डला वीरेन्द्र ओझा भी बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर यूथ ब्रिगेड के संस्थापक प्रेम नारायण सिंह पाल कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए है। उनके साथ राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, बुन्देलखण्ड के पदाधिकारी, संगठन कोर कमेटी, जिला प्रभारीगण सहित प्रदेश के 42 जनपदों के जिलाध्यक्ष भी बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के सदस्य बन गए हैं।