लखनऊ: लखनऊ में समाजवादी पार्टी द्वारा विधानसभा के बाहर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने से पहले सपा कार्यालय और पार्टी के नेताओं के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई। समाजवादी पार्टी ने ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, प्रदेश में सूखा संकट, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, किसानों की आत्महत्या समेत अन्य मुद्दों को लेकर आज, 14 सितंबर 2022 से विधानसभा के बाहर धरना देने एलान का किया है|
समाजवादी पार्टी ने कहा,''भाजपा सरकार को क्या लगता है कि सपा कार्यालय पर फ़ोर्स तैनात कर समाजवादियों को डरा लेगी? समाजवादी पार्टी का एक एक नेता व कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर आमजन के साथ खड़ा है, हम सत्ता के दबाव के आगे झुकेंगे नहीं। जय समाजवाद!
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा,'समाजवादी पार्टी ने आज विधानसभा पर धरना का कार्यक्रम तय किया था। ये धरना शांतिपूर्ण धरना था मगर प्रदेश सरकार तानाशाही से इस धरने को दबाने का काम कर रही है|
समाजवादी पार्टी ने कहा कि प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, विपक्षी दलों खासकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी और झूठे मुकदमें, प्रदेश में सूखा संकट, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, किसानों की आत्महत्या समेत अन्य मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के सभी विधायक 14 सितंबर 2022 से विधानसभा भवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा के समक्ष धरना देंगे।
आज,14 सितंबर 2022 को धरने का नेतृत्व समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल के मुख्य सचेतक मनोज कुमार पांडे, 15 सितंबर को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, 16 सितंबर को पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद एवं इन्द्रजीत सरोज, 17 सितंबर 2022 को विधानसभा में पार्टी के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता राम अचल राजभर करेंगे। 18 सितम्बर 2022 को धरने का नेतृत्व पूर्व नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी तथा पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह करेंगे।