लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के दाल के भाव (दाल की कीमत 100 रुपये प्रति किलो से ज्यादा नहीं) को लेकर दिए गए बयान पर समाजवादी पार्टी ने कहा कि,''प्रदेश के कृषि मंत्री का यह बयान महंगाई से परेशान जनता का मजाक उड़ाने जैसा है। यह गरीब जनता के प्रति उनकी संवेदनहीनता को प्रदर्शित करता है।
समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा है कि प्रदेश के कृषि मंत्री का यह बयान कि 100 रूपये किलो से ज्यादा दाल कहीं नही है‘ भयावह रूप ले चुकी महंगाई और उससे परेशान जनता का मजाक उड़ाने जैसा है। यह गरीब जनता के प्रति उनकी संवेदनहीनता को प्रदर्शित करता है।
रीबू ने कहा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने सदैव सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का विरोध सड़क से संसद तक किया है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने उन पर अपना भरोसा जताते हुए समाजवादी पार्टी को देश की तीसरी नम्बर की ताकतवर पार्टी बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रीबू श्रीवास्तव के अनुसार समाजवादी महिला सभा कृषि मंत्री के गैर जिम्मेदाराना बयान का विरोध करते हुए प्रदेश में ज्ञापन के माध्यम से कृषि मंत्री से मांग करती है या तो दाल की कीमत 100 रूपये करें या फिर अपनी अज्ञानता के लिए देश की जनता से माफी मांगे।
दरअसल, मंगलवार (09 जुलाई 2024 ) को लखनऊ लोक भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा था,''कहीं भी दाल की कीमत 100 रुपये प्रति किलो से ज्यादा नहीं है| उनके इस बयान पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद मीडिया कर्मियों ने कहा कि दाल की कीमत कहीं भी 180-200 रुपये प्रति किलो से कम नहीं है। साथ ही मीडिया कर्मियों ने कृषि मंत्री से उस जगह का पता भी पूछा जहां दाल 100 रुपये प्रति किलो मिल रही है।