लखनऊ: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे का कार्यकाल का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया। मंगलवार को 4 नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। सभी को कैबिनेट का दर्जा दिया गया है। नए मंत्रियों में सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान, साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील शर्मा और रालोद के दलित चेहरे अनिल कुमार हैं।
SBSP प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, भाजपा नेता दारा सिंह चौहान, RLD विधायक अनिल कुमार और भाजपा के सुनील कुमार शर्मा ने उत्तर प्रदेश कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। मंगलवार शाम को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने चार नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
सभी नये मंत्रियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी 'मोदी की गारंटी' को धरातल पर उतारते हुए 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलमय शुभकामनाएं!
उत्तर प्रदेश कैबिनेट विस्तार पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "...आज 4 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली है मैं उन्हें बधाई देता हूं... उत्तर प्रदेश की 80 की 80 लोकसभा सीटें हम जीतेंगे।"
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद SBSP प्रमुख ओपी राजभर ने कहा, "गरीबों की सेवा का जो लक्ष्य है उसमें हम अनवरत काम करते रहते हैं... सरकार की जो भी योजनाएं हैं उसे हम गरीब और कमजोर लोगों तक पहुंचाने का हम काम करेंगे, उन्हें न्याय दिलाने का काम करेंगे..."
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद भाजपा नेता दारा सिंह चौहान ने कहा, "आज जो जिम्मेदारी मिली है उसका ईमानदारी से निर्वहन करूंगा... मैं इस क्षण के लिए पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करता हूं।"
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद RLD विधायक अनिल कुमार ने कहा, "मेरे लिए यह बहुत खुशी का पल है। मैं पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करता हूं... लोकसभा चुनाव में सब मजबूती से लड़ेंगे।"