चंडीगढ़: पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है| कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए चरणजीत चन्नी को सीएम चेहरा घोषित कर दिया है। लुधियाना में रविवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि चरणजीत सिंह चन्नी ही कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे|
इसके बाद, CM चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा,''मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं कांग्रेस हाईकमान और पंजाब के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। जैसा कि आपने हमें पिछले 111 दिनों में पंजाब को आगे ले जाने के लिए इतनी मेहनत करते देखा है, मैं आपको पंजाब और पंजाबियों को नए जोश और समर्पण के साथ प्रगति के पथ पर ले जाने का आश्वासन देता हूं।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा.'' पंजाब में कांग्रेस की दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनेगी। लोगों की सरकार बनेगी और लोगों के लिए सरकार बनेगी| चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा,'ये बहुत बड़ी लड़ाई है जो मैं अकेला नहीं लड़ सकता। न मेरे पास पैसा है, न इतनी हिम्मत है। हिम्मत भी पंजाब के लोग देंगे, सब कुछ पंजाब के लोग करेंगे|
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के सीएम चेहरा होंगे चरणजीत सिंह चन्नी
लुधियाना की दाखा रैली में राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि चरणजीत सिंह चन्नी ही कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे| चन्नी के नाम की घोषणा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैंने सीएम का चेहरा डिसाइड नहीं किया। मैंने पंजाब के लोगों से पूछा। कैंडिडेट और कार्यकर्ताओं, वर्किंग कमेटी के सदस्यों से पूछा। उन्होंने कहा कि पंजाब को खुद अपना नेता चुनना चाहिए। मैं सिर्फ ओपिनियन दे सकता हूं, लेकिन पंजाब का ओपिनियन ज्यादा जरूरी है। पंजाब ने कहा कि हमें गरीब घर का सीएम चाहिए। जो भूख और गरीबी को समझे, पंजाब को ऐसे व्यक्ति की जरूरत है।
चन्नी जी मुख्यमंत्री बने, अहंकार नहीं है
राहुल गांधी ने कहा कि चरणजीत चन्नी गरीब घर के बेटे हैं। गरीबी को समझते हैं। जब वह सीएम बने तो उनके अंदर कोई अहंकार नहीं दिखा। वह जनता के बीच में जाते हैं। इसके बाद उन्होंने चरणजीत चन्नी के नाम की घोषणा कर दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा,''चन्नी जी मुख्यमंत्री बने, अहंकार नहीं है, जनता के बीच जाते हैं।क्या आपने कभी नरेंद्र मोदी को जनता के बीच जाते हुए देखा, सड़क पर किसी की मदद करते हुए देखा है? नहीं करेंगे क्योंकि वे प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं|
इससे पहले रैली में सीएम चरणजीत चन्नी ने कहा कि जिसे भी सीएम चेहरा चुनोगे, उसके साथ दिन-रात जुटकर पार्टी के लिए काम करेंगे। इससे पहले सिद्धू की तारीफ करते हुए चन्नी ने कहा कि वह बहुत अच्छे वक्ता हैं। चन्नी ने कहा कि 700 किसान शहीद करने वाले किस मुंह से पंजाब में वोट मांगने आते हैं। भाजपा, अकाली दल और आम आदमी पार्टी को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने 111 दिन के काम गिनाते हुए कहा कि मुझे 3 महीने देखा है, अब पूरे 5 साल देखो।
चन्नी ने कहा कि कहा कि वह अब तक बेदाग रहे हैं। 40 साल के राजनीतिक करियर में उन पर किसी ने अंगुली नहीं उठाई। मैं गलत होता तो मुझे कैप्टन अमरिंदर सिंह ही मार देते। वह साढ़े 4 साल तक मेरे पीछे पड़े रहे। हमने मिलकर उसे हटवाया। मैंने अच्छे फैसले लिए, इसलिए सब उनके पीछे पड़े हुए हैं।
चरणजीत चन्नी ने शराब पीने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की दुकान 4 बजे बंद होती थी। भगवंत मान की दुकान 6 बजे बंद हो जाती है। चन्नी ने शराब पीने को लेकर भगवंत मान पर खूब हमले किए। चन्नी ने कहा कि भगवंत मान के खिलाफ संसद में भी एक सांसद ने शिकायत की कि उनसे शराब की बदबू आती है।
सिद्धू ने फैसला लेने की ताकत मांगी, खुद को अरबी घोड़ा बताया
इससे पहले रैली में नवजोत सिद्धू ने कहा कि आज फैसले की घड़ी है। सिद्धू ने सीएम चेहरे पर दावा छोड़ते हुए सरेंडर कर दिया। सिद्धू ने कहा कि मुझे कोई लालसा नहीं है, लेकिन मुझे दर्शनी घोड़ा न बनने देना। मुझे फैसला लेने की ताकत देना। पंजाब के लिए रखी जा रही नींव का वह पहला पत्थर बनने के लिए तैयार हैं। सिद्धू ने कहा कि मैंने कभी किसी से कुछ नहीं मांगा।
सिद्धू ने कहा कि अगर मुझे फैसले लेने की ताकत मिली तो पंजाब से माफिया खत्म कर दूंगा। मुझे सीएम चेहरा न बनाया तो जिसे बनाया जाएगा, उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगे। हालांकि सिद्धू ने इस दौरान संकेत में खुद को अरबी घोड़ा कहकर हाईकमान को नजरअंदाज न करने की चेतावनी भी दे दी।
सिद्धू ने कहा कि भाजपा में वह 13 साल रहे, लेकिन उनसे सिर्फ कैंपेन कराई गई। कांग्रेस ने सिर्फ 4 साल में उन्हें पंजाब कांग्रेस का प्रधान बना दिया। सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी खूब कोसा। सिद्धू ने चरणजीत चन्नी को पंजाब में दलित सीएम बनाने के लिए राहुल गांधी की तारीफ की।