मथुरा: मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के कस्बा चौमुंहा में एक प्लॉट में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई।थाना जैत क्षेत्रान्तर्गत चौमुहां गांव में सर्वोदय इंटर कॉलेज के पीछे शनिवार की सुबह 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव संदिग्धअवस्था में खाली प्लॉट में मिला है। घटनास्थल के हालात बच्ची के साथ बर्बरता की कहानी बता रहे हैं। बताया जा रहा है की नाबालिग किशोरी शुक्रवार की शाम से गायब थी। परिजनों ने किशोरी की रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार शाम को सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही भागवत कथा में प्रसाद लेने गई थी, लेकिन रात तक वह घर नहीं लौटी। जिसके बाद परिजन उसे तलाशते रहे। शनिवार की सुबह एक महिला गोबर डालने के लिए प्लॉट की तरफ गई थी, जहां उसे किशोरी का शव पड़ा दिखाई दिया।
नाबालिग किशोरी का शव उसके घर से 200 मीटर दूर खाली प्लाट में मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ लग गयी। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार मृतका के सिर और गले पर चोट के निशान थे। जिससे माना जा रहा है कि उसके सिर पर प्रहार किया गया है और गला दबाकर हत्या की गई है। किशोरी से दुष्कर्म होने की आशंका भी जताई गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी, सीओ सदर व जैंत के अलावा , थाना हाई वे , वृन्दावन और यमुनापार का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। टीम ने मौके से साख्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने परिजनों को सांत्वना दी कि वह जल्द ही वारदात का खुलासा करेंगे।
घटना स्थल पर पहुंचे एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम पैनल में कराया जाएगा। घटना के खुलासे के लिए के कई टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।