मुंबई: केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। मंगलवार को नारायण राणे को रत्नागिरी के चिपलून में अरेस्ट कर लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई थी।मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर विवादित टिप्पणी के मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को हिरासत में लिया गया। अब उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। रिमांड मिलने पर उन्हें नासिक लेकर जाया जाएगा।
कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज: गिरफ्तारी के भय से नारायण राणे ने बॉम्बे हाई कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की है। इसके अलावा उनके ऊपर जो तीन एफआईआर दर्ज की गई है। उन्हें भी रद्द करने की मांग की गई है। हालांकि बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस मामले पर तुरंत सुनवाई करने से इंकार कर दिया है।
'उद्धव ठाकरे को ज़ोरदार थप्पड़ मारने' वाले बयान पर भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी का समर्थन नहीं करते। मुख्यमंत्री को भारत की स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव वर्ष याद नहीं रहा इसके लिए किसी व्यक्ति को गुस्सा आ सकता है, ये स्वाभाविक है|
फडणवीस ने कहा कि,''भाजपा वक्तव्य का समर्थन नहीं करेगी लेकिन भाजपा नारायण राणे के पीछे पूरी ताकत से खड़ी रहेगी। पुलिस बल का इस्तेमाल करते हुए नारायण राणे की यात्रा को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। अगर उन्हें गैर क़ानूनी ढंग से गिरफ़्तार किया गया तब भी जन आशीर्वाद यात्रा चलेगी|