मुंबई: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की मुंबई में होने वाली रैली को इजाजत नहीं मिली| मुंबई कांग्रेस ने 28 दिसंबर को मुंबई में राहुल गांधी की रैली की अनुमति नहीं देने के लिए बीएमसी, मुंबई पुलिस और अन्य के खिलाफ बॉम्बे एचसी का रुख किया है। बॉम्बे HC में कल मंगलवार सुनवाई की उम्मीद है। याचिका में तीनों को ही पक्षकार बनाया गया है
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने बांबे हाईकोर्ट में अर्जी देकर कहा है कि मुंबई और महाराष्ट्र भर में अलग-अलग कार्यक्रम हो रहे हैं| बाजार खुले हैं| मॉल, और सिनेमाघर सभी खुले हुए हैं. इसलिए राहुल गांधी की मुंबई रैली को भी मंजूरी मिलनी चाहिए|
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा,''हमें समझ में नहीं आता कि हमें अनुमति क्यों नहीं दी जाती है? यदि वे कोविड के बारे में चिंतित हैं, तो हमने उन्हें अपने पत्र में पहले ही बता दिया है कि हम कोविड के दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। चूंकि अब ज्यादा समय नहीं बचा है, हमें अनुमति के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा|
बीएमसी चुनाव के पहले राहुल गांधी की मुंबई रैली कांग्रेस के लिए काफी अहम मानी जा रही है, लेकिन कोविड प्रोटोकॉल के तहत बीएमसी और राज्य सरकार ने अब तक इस रैली की मंजूरी रोक रखी है| राहुल गांधी की ये रैली 28 दिसंबर को प्रस्तावित है|
बता दें कि महाराष्ट्र में महाआघाड़ी विकास मोर्चा की गठबंधन की सरकार है और इसमें शिवसेना और राकांपा के अलावा कांग्रेस भी शामिल है। बावजूद इसके मुंबई में राहुल की रैली को लेकर दिक्कतें आ रही हैं। अब इसके खिलाफ कांग्रेस ने हाई कोर्ट का रुख कर लिया है।