नागपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को अत्याधुनिक सुविधाओं वाले AIIMS नागपुर का उद्घाटन किया। जुलाई 2017 में उन्होंने इसकी आधारशिला रखी थी। इससे पहले उन्होंने नागपुर और शिरडी को जोड़ने वाले समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया और नागपुर रेलवे स्टेशन पर नागपुर और बिलासपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार को एम्स नागपुर राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने नागपुर एम्स परियोजना मॉडल का निरीक्षण भी किया और इस अवसर पर प्रदर्शित माइलस्टोन प्रदर्शनी गैलरी का अवलोकन किया।
1575 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जा रहा एम्स नागपुर, अत्याधुनिक सुविधाओं वाला एक अस्पताल है, जिसमें ओपीडी, आईपीडी, नैदानिक सेवाएं, ऑपरेशन थिएटर और 38 विभाग हैं, जिसमें चिकित्सा विज्ञान के सभी प्रमुख स्पेशियलिटी और सुपर स्पेशियलिटी विषयों को कवर किया गया है। यह अस्पताल महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करता है और गढ़चिरौली, गोंदिया और मेलघाट के समीपवर्ती जनजातीय क्षेत्रों के लिए एक वरदान है।
प्रधानमंत्री के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी थे।