नालंदा: बिहार में जहरीली शराब से मौत की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के होम डिस्ट्रिक्ट नालंदा में जहरीली शराब ने कम से कम 10 लोगों की जान ले ली है। कई लोगों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। बिहार के नालंदा में संदिग्ध परिस्थिति में 10 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह घटना जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी और पहाड़ तल्ली मोहल्ला की है।
नालंदा जिले के सोहसराय थाना इलाके के छोटी पहाड़ी और पहाड़ तल्ली मोहल्ला में संदेहास्पद स्थिति में एक साथ 10 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर हालत में निजी क्लीनिक में इलाजरत हैं। सभी मृतकों के परिजन शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत की बात बता रहे हैं। मरने वालों में भागो मिस्त्री (55), मन्ना मिस्त्री (55), सुनिल कुमार (24), धर्मेंद्र उर्फ नागेश्वर (50), अर्जुन पंडित (51), कालीचरण (50), राजेश कुमार (42), रामपाल शर्मा और मानपुर थाना क्षेत्र के प्रभु विगहा गांव के रामरूप चौहान (45) व शिवजी चौहान (45) शामिल है। वहीं, सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी निवासी ऋषि कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद के बाद सदर डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी मौके पर पहुंच कर परिजन से जानकारी ले रहे हैं। हालांकि अभी तक जहरीली शराब पीने से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, मगर स्थानीय लोग भी आस-पास के इलाके में चुलाई शराब बनाने की बात बता रहे हैं। इसके अलावा बिगहा गांव में भी दो लोगों की शराब पीने की मौत की चर्चा है।
परिजनों ने शराब पीने की बात कही है। नालंदा में मृतक के एक परिवार के सदस्यों ने बताया,'' जहरीली शराब के सेवन से कम से कम 5 लोगों की मृत्यु हुई है।" डीएम शशांक शुभंकर का कहना है कि मृतकों के परिजनों ने दूषित शराब पीने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही कारण पता चलेगा।
मृतकों की सूची
1- मृतकों में छोटी पहाड़ी मोहल्ला निवासी स्व. नीरु मिस्त्री के 55 वर्षीय पुत्र मुन्ना मिस्त्री,
2- स्व. लेखा महतो के 50 वर्षीय पुत्र धर्मेन्द्र प्रसाद उर्फ नागो,
3- स्व. फगु मिस्त्री के 75 वर्षीय पुत्र भागो मिस्त्री,
4- विजय तांती के 30 वर्षीय पुत्र सुनील तांती,
5- स्व. भत्तू पंडित के 72 वर्षीय पुत्र अर्जुन पंडित,
6- विरेन्द्र शर्मा के पुत्र रामपाल शर्मा,
7- श्रृंगारहाट मोहल्ला निवासी स्व. सुखदेव शर्मा के 62 वर्षीय पुत्र अशोक शर्मा उर्फ कालीचरण,
8- मोगलकुआं-बॉलीपर मोहल्ला निवासी कालेश्वर उर्फ मल्लू के 45 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार शामिल है।