नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के मेवात में आज सोमवार को (31 जुलाई 2023 को) दो गुटों के बीच झड़प हुई। एक-दूसरे पर लोगों ने पथराव भी किया और कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया है| कई लोगों को चोट आई है| अभी कई महिलाएं, पुरुष और बच्चे फंसे हुए हैं|
नूंह जिले में दो समूहों के बीच झड़प के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। नूंह में दो समूहों के बीच झड़प के बाद पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। धारा 144 भी लागू कर दी गई है|
इसके साथ ही हालात पर काबू पाने के लिए 10 कंपनियां नूंह रवाना हुई हैं| नूंह में फरीदाबाद से दो, गुरुग्राम से तीन, मधुबन से तीन और रोहतक से दो कंपनी बुलाई गई हैं|
नूंह हिंसा पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा ,''यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं|
नूंह हिंसा पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा ,''वहां पर पर्याप्त संख्या में बल तैनात किया जा रहा है। हमने केंद्र से भी बात की है। हम वहां शांति बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं। जहां-जहां पर लोग फंसे हुए हैं उन्हें बचाया जा रहा है|
नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कहा ,' हम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन और पुलिस की ऐसी नाकामी मैंने कभी नहीं देखी|
नूंह हिंसा पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा ,'मेवात की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है मैं लोगों से हाथ जोड़कर अपील कर रहा हूं...कृपया भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखें|
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा ,'नूँह, मेवात; मानेसर व गुड़गाँव से आ रही हिंसा, आगज़नी, तोड़फोड़ और दंगे की खबरें अत्यंत चिंताजनक भी हैं और दिल दहलाने वाली भी। सुरजेवाला ने कहा ,'ये सीधे सीधे क़ानून व्यवस्था का फेल्यर है, खट्टर सरकार की नाकामी का नतीजा है।
भाजपा-जजपा सरकार ने प्रदेश को पहले जातीय दंगों की आग में धकेला और अब धार्मिक दंगों की ज्वाला में हरियाणा का अमन चैन झुलसाया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा,''आज़ादी के 75 साल में पहली बार हरियाणा की धार्मिक दंगों की भेंट चढ़ाने की साज़िश हो रही है। ये शान्तिप्रिय हरियाणा के इतिहास में काला दिन है।
सुरजेवाला ने कहा,''हमारी माँग है कि दंगाई चाहे किसी भी धर्म या जाती से हों उनके ख़िलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। ख़ुद मुख्यमंत्री श्रीमान खट्टर को आगे बढ़ क़ानून व्यवस्था स्थापित करने व शांति बनाने का कार्य करना चाहिए।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा,''CM खट्टर जी को जानना चाहिए कि ये वक़्त हाथ धर कर बैठने का नहीं। वक्त की माँग है कि CM आगे आयें, सभी पक्षों से वार्तालाप करें, शांति बनाएँ, दोषियों के ख़िलाफ़ कार्यवाही करें तथा स्तिथि को समझ राजधर्म निभायें।