पटना: बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ पटना के गांधी मैदान में किसानों के समर्थन में कृषि क़ानूनों के खिलाफ बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने पर केस दर्ज किया गया है|
आज यानी शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने पटना के गांधी मैदान में किसानों के समर्थन में कृषि क़ानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
पटना में गांधी मैदान के बाहर आज राजद नेता तेजस्वी यादव और 18 अन्य लोगों के साथ-साथ 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ बिना अनुमति के धरना-प्रदर्शन करने पर मामला दर्ज किया गया। आईपीसी की कई धाराओं के तहत और महामारी रोग अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
गांधी मैदान में पहुंचने से पहले राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है| उन्होंने ट्वीट में कहा, गोडसे को पूजने वाले लोग पटना पधारे है उनके स्वागत में अनुकंपाई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गाँधी मैदान में गाँधी मूर्ति को क़ैद कर लिया ताकि गाँधी को मानने वाले लोग किसानों के समर्थन में गाँधी जी के समक्ष संकल्प ना ले सके। नीतीश जी,वहाँ पहुँच रहा हूँ। रोक सको तो रोक लीजिए|
किसानों के समर्थन में विरोध करने पहुंचे तेजस्वी ने कहा,'' धनदाता और अन्नदाता की इस लड़ाई में हम अन्नदाता के साथ खड़े है। क्या किसानों के समर्थन में आवाज़ उठाना, उनकी आय दुगुनी करने के लिए नए क़ानूनों में अनिवार्य रूप से MSP की माँग करना, खेत-खलिहान को बचाने की लड़ाई करना अपराध है? अगर है तो हम यह अपराध बार-बार करेंगे? जो व्यक्ति कड़ी मेहनत करने वाले किसान के भले की नहीं सोच सकता वह कभी भी इंसान और इंसानियत में यक़ीन नहीं कर सकता। किसान समस्त मानव जाति का पालनहार है। जो किसान का नहीं वह देश का हितैषी नहीं। #8_दिसंबर_भारत_बन्द
उन्होंने कहा, "कृषि क़ानून किसान विरोधी हैं, हमारी मांग है कि जो किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहें हैं उनकी सभी मांगों को पूरा किया जाए। हम किसानों की मांगों के साथ हैं।" आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं काले कृषि कानून को वापस ले।
राष्ट्रीय जनता दल ने ट्वीट में कहा,''गाँधी मूर्ति को गोडसे पूजने वाली तानाशाही सरकार ने भले तालाबंद कर दिया हो, पर गाँधी जी के सिद्धांत हमसे कहाँ दूर हैं? किसानों की लड़ाई लड़ने के लिए हर अन्याय सह लेंगे, पर किसानों के हितों की अनदेखी कतई स्वीकार नहीं! किसान झुकेगा नहीं, देश झुकेगा नहीं, झुकेगी यह अहंकारी सरकार!
राष्ट्रीय जनता दल ने कहा,''देश विदेश में कृषि विरोधी काले कानूनों के विरुद्ध प्रदर्शन हो रहे हैं! अब हर भारतवासी को किसानों के समर्थन में आगे आना चाहिए, सड़कों पर उतरना चाहिए! #किसान_आंदोलन राजनीतिक मुद्दा नहीं है, यह भारत देश की आत्मा से जुड़ा राष्ट्रप्रेम, इंसानियत और अन्नदाता किसानों का मुद्दा है!