पटना: बिहार की नीतीश कुमार की सरकार में मंगलवार को कैबिनेट विस्तार हुआ है, जिसके तहत बीजेपी को कैबिनेट में नौ सीटें और जेडीयू को आठ सीटें मिली हैं| आज भारतीय जनता पार्टी के शाहनवाज हुसैन, जदयू के संजय झा समेत कुल 17 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली| कैबिनेट विस्तार को लेकर भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू भड़के हुए है|
भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने अपनी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी से जो नेता मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं, वो कम अनुभवी हैं या वे अपराधी हैं। यही नहीं ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने आगे कहा कि कैबिनेट विस्तार में अगड़ी जाति का ख्याल नहीं रखा गया है।
भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने कहा कि,''इस मंत्रिमंडल में जातिगत संतुलन कायम नहीं है। भाजपा के लगभग 50% उच्च जाति के उम्मीदवारों ने चुनाव जीते लेकिन किसी को डिप्टी सीएम के रूप में नियुक्त नहीं किया गया। जिन लोगों को जीत नहीं मिली या जिनके पास अनुभव कम है या वे अपराधी हैं, उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। दक्षिण बिहार को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है|
ज्ञानू ने कहा कि,''ऐसा लगता है कि कैबिनेट में भाजपा का कोई योगदान नहीं है। बिहार में बीजेपी की स्थापना करने वाले सुशील मोदी को डिप्टी सीएम के पद से हटा दिया गया था। नीतीश कुमार बेहतर हैं क्योंकि उन्होंने उच्च जाति के लोगों को अपनी पार्टी के सदस्यों में शामिल किया। भाजपा ने सवर्णों की अनदेखी की|
बिहार में मंगलवार को नीतीश कुमार मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया| कुल 17 मंत्रियों को राज्यपाल फागू चैहान ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई| इस तरह बिहार में मुख्यमंत्री सहित कुल मंत्रियों की संख्या 31 हो गई| मंत्रिमंडल विस्तार शपथ लेने वालों में भाजपा के 9 तथा जदयू के 8 (1 निर्दलीय समेत) लोग शामिल हैं| भाजपा की ओर से विधान परिषद के सदस्य शाहनवाज हुसैन और दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के भाई नीरज सिंह बबलू भी मंत्री बने हैं|
जदयू ने मुस्लिम चेहरे के रूप में बहुजन समाज पार्टी से आए जमां खान को मंत्री बनाया, वहीं भाजपा ने शाहनवाज हुसैन को मंत्री बनाया है भाजपा की ओर से शाहनवाज हुसैन के अलावा सम्राट चौधरी, सुभाष सिंह, आलोक रंजन झा, प्रमोद कुमार, जनक राम, नारायण प्रसाद, नितिन नवीन, नीरज सिंह बबलू को मंत्री बनाया गया है|
जदयू की ओर से पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को एक बार फिर मंत्री बनाया गया है| इसके अलावा लेसी सिंह, संजय झा, मदन सहनी भी नीतीश के सहयोगी के तौर पर मंत्रिमंडल में शामिल हुए| निर्दलीय सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, जमां खान और सुनील कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है|निर्दलीय सुमित कुमार सिंह ने जदयू को पहले ही समर्थन देने की घोषणा की थी|